हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के दो गांवों में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। सोमवार को सवेरा होने से पहले करीब 3:00 बजे सरोग गांव में बादल फटा। इसके तीन घंटे बाद सरोग से 40 किलोमीटर दूर कंधवारा गांव में दूसरा बादल फटा। इससे दोनों गांवों में अफरातफरी मच गई। इसी बीच पानी के तेज बहाव की वजह से सरोग के करीब बड़ोगा गांव में एक घर की दीवार गिर गई। इससे 15 वर्षीय युवक की मलबे में दबकर मौत हो गई जबकि युवक के माता-पिता भी चोटिल हुए हैं।
कंधवारा में छह घरों में मलबा भर गया है। प्रभावितों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया गया है। बादल फटने से 23 घर, 12 घराट, 10 दुकानें, चार स्कूल भवन, एक बैली ब्रिज सहित 10 पुल, पांच गोशालाएं, एक शौचालय को भारी क्षति पहुंची है। दो कारें, दो पिकअप वाहन, छह बाइकें भी बह गई हैं। 20 भेड़-बकरियां, गाय और बैल पानी के तेज बहाव में बहे हैं। 24 पेयजल परियोजनाएं, 11 बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद पड़े हैं। 14 मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं।