हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को ऐतिहासिक रिज मैदान से दोपहर बाद नौंवी एमटीबी हिमालयन साइकिल रेस का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने रेस में भाग लेने वाले राइडर को शुभकामनाएं दीं। कहा कि राजधानी शिमला में आयोजित किए जा रहे इस साहसिक खेल के आयोजन से युवाओं में नई चेतना जगी है, खेल के लिए अच्छा वातावरण तैयार हो रहा है।
उन्होंने रेस के आयोजक हस्तपा के पदाधिकारियों को आयोजन पर बधाई दी और कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रदेश के युवा इस खेल की भविष्य में होने वाली स्पर्धाओं के लिए तैयार होंगे।
इस मौके पर नगर निगम की मेयर सत्या कौंडल, नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली, हिमाचल प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश मल्होत्रा सहित हिरो साइकिल की ओर से आए प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की साइकिल रैलियां बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने में कारगर साबित हो सकती है।