तोंजिंग नाले में बह गई थीं दो गाड़ियां- लाहौल के तोंजिंग नाले में बाढ़ के चलते लापता दस लोगों में से सात के शव बरामद कर लिए हैं। तीन लोग रेस्क्यू किए हैं। इनमें एक कुल्लू अस्पताल में भर्ती है। आर्मी जवान मोहन सिंह (38) पुत्र लाल चंद, निवासी छातिंग, उदयपुर को रेस्क्यू किया गया। उसे केलांग अस्पताल ले जाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आईटीबीपी, पुलिस और बीआरओ की टीम ने एक वाहन से मंडी जिले की ग्राम पंचायत टकोली के शेर सिंह, रूम सिंह, मेहर चंद और नीरत राम के शव निकाले। मंडी निवासी देसराज, तेज राम और होतम राम का शव भी बरामद हुआ। उपायुक्त नीरज कुमार ने कहा कि तांदी-उदयपुर मार्ग पर तोंजिंग नाले में देर रात भारी बारिश से दो गाड़ियां जिनमें से एक पांगी की तरफ से और दूसरी जाहलमा की तरफ जा रही थी, नाले के तेज बहाव में बह गई थीं।