हिमाचल प्रदेश के युवाओं में हार्ट अटैक के मामले बढ़ रहे हैं। गलत खानपान इसका सबसे बड़ा कारण है। युवा जंक फूड का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। मंडी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के दो दिवसीय राज्य चिकित्सा सम्मेलन हिम मेडिकॉन में चिकित्सकों ने कई खुलासे किए। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर चिकित्सकों को संबोधित करते हुए अटल मेडिकल विश्वविद्यालय नेरचौक मंडी के उपकुलपति प्रो. सुरेंद्र कश्यप ने कहा कि भारत सभी देशों से अधिक डाॅक्टर हर साल तैयार करता है।
देश में इस समय 700 मेडिकल काॅलेज हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पहाड़ी राज्य होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं में देशभर में उत्तम है। यहां पर 834 लोगों पर एक चिकित्सक है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन का औसत प्रति चिकित्सक 1,000 लोग हैं। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों और अन्य स्टाफ के प्रति निरंतर हो रही हिंसक घटनाओं पर चिंता जताई। कोलकाता का जिक्र भी किया और कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल एक्शन लेने की जरूरत है।