राजस्थान के बाड़मेर जिले की कलेक्टर आईएएस टीना डाबी से एक व्यक्ति ने अनोखी मांग कर दी। व्यक्ति की मांग सुनकर कलेक्टर टीना डाबी और उनके साथ बैठे अफसर भी सन्न रह गए। फरियादी मांगीलाल सड़क की समस्या को लेकर टीना डाबी से मिलने पहुंचा था, इस दौरान उसने कलेक्टर से कहा कि मैडम मुझे सिर्फ एक हेलीकॉप्टर दिला दीजिए, जिससे मैं घर से बाहर आ-जा सकूं।
दरअसल, बाड़मेर जिले के जोरापुरा (बाघा) गांव में रहने वाले मांगीलाल पुत्र हुकमाराम मेघवाल लंबे समय से रास्ते की समस्या से परेशान थे। जिसे लेकर उन्होंने कलेक्टर टीना डाबी से मुलाकात की और शिकायत पत्र देकर कहा- उसके घर से बाहर जाने का रास्ता नहीं है, जिससे उसे न केवल घर तक पहुंचने में बल्कि फसल की देखभाल करने में भी परेशानी हो रही है। पहले एसडीएम और पुलिस की मदद से रास्ता खुलवाया गया था, लेकिन अब उस रास्ते पर शारीरिक शिक्षक खेराजराम ने कब्जा कर लिया है और वहां जीरा बो दिया है, जिससे रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। कलेक्टर टीना डाबी और अन्य अधिकारियों को अपनी समस्या बताने का मांगीलाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।