राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर में मानसून की बारिश ने जहां तपती गर्मी से राहत दी है, वहीं नगर परिषद और प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार शाम 5:30 बजे तक 68.4 मिमी (करीब 3 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 10 साल में जून माह में एक दिन में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड है, जबकि गुरुवार को 46 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई थी। यहां अब तक कुल 114 MM से ज्यादा बरसात हुई है।
लगातार हो रही बारिश से जिले का तापमान भी गिरा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार की तुलना में 5.1 डिग्री कम है। मानसून की इस बारिश ने झुलसाने वाली गर्मी से तो राहत दी लेकिन साथ ही शहर को अव्यवस्थाओं के दलदल में भी धकेल दिया।