इंदौर में रहकर सिविल जज की तैयारी कर रही कटनी की युवती चलती ट्रेन से लापता हो गई। अब तक उसका कोई सुराग नही मिल पाया है। 28 साल की अर्चना तिवारी सात अगस्त की शाम इंदौर से कटनी के लिए ट्रेन से रवाना हुई थी। अगले दिन सुबह ट्रेन कटनी पहुंची, लेकिन उसमें अर्चना नहीं थी। अर्चना का सामान उसकी सीट पर रखा हुआ था। उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।
रेलवे पुलिस के अनुसार, अर्चना तिवारी कटनी जिले के मंगलनगर इलाके की रहने वाली है। वह इंदौर के एक हॉस्टल में रहकर सिविल जज की तैयारी कर रही थी। रक्षाबंधन पर घर आने के लिए वह सात अगस्त की शाम इंदौर स्टेशन से ट्रेन क्रमांक 18233 इंदौर-बिलासपुर (नर्मदा एक्सप्रेस) के B3 कोच में सवार होकर कटनी के लिए रवाना हुई। आठ अगस्त की सुबह ट्रेन कटनी साउथ स्टेशन पहुंची लेकिन, अर्चना वहां नहीं उतरी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान उसका बैग उमरिया रेलवे स्टेशन पर मिला। लेकिन, अर्चना का अब तक कोई पता नहीं चला है।