केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहे। उन्होंने जबलपुर जिले से प्रदेश को कई सड़क योजनाओं की सौगात दी, साथ ही टाइगर कॉरिडोर बनाने की भी घोषणा की। प्रदेश में बनने वाला यह टाइगर कॉरिडोर चार टाइगर रिजर्व को आपस में जोड़ेगा, जिससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में 4,706 करोड़ रुपये की 10 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
प्रदेश के चार टाइगर रिजर्व्स को जोड़ने वाले फोर-लेन कॉरिडोर 5,500 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। वहीं, भोपाल-जबलपुर के बीच 15,000 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीनफील्ड हाईवे बनेगा। जबलपुर सांसद आशीष दुबे, राज्य के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और अन्य सांसदों की मांग पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इसकी घोषणा की। गडकरी ने सात किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद सभा को संबाधित करते हुए कहा कि इस कॉरिडोर से पर्यटन, रोजगार और राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।