फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: संघ के पूर्व प्रचारकों ने मप्र के चुनाव में उतारे आठ उम्मीदवार, सभी संघ की पृष्ठभूमि से राजनीति में आए

Fri, 20 Oct 2023 07:09 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

जनहित पार्टी Janhit Party ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मध्यप्रदेश के कई जिलों के उम्मीदवार इसमें शामिल हैं। 
 
विज्ञापन
1 of 9
जनहित पार्टी के उम्मीदवार। - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
आरएसएस के पूर्व प्रचारकों और कार्यकर्ताओं द्वारा बनाई गई जनहित पार्टी Janhit Party ने मप्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें आठ उम्मीदवारों के नाम जारी किए गए हैं। अगली सूची भी जल्द घोषित करने की बात कही गई है। 

कौन कहां से लड़ेगा चुनाव
भिंड से शीतल सिंह भदौरिया, ग्वालियर दक्षिण से गोपाल जायसवाल, सतना से राहुल सिंह, मऊगंज से ददन प्रसाद मिश्र, छिंदवाड़ा के सौसर से प्रदीप ठाकरे, कालापीपल से चंद्रशेखर पाटीदार, इंदौर चार से विजय दुबे, इंदौर पांच से डॉक्टर सुभाष बारोड। 

सभी उम्मीदवार आरएसएस की पृष्ठभूमि से जुड़े हुए हैं
जनहित पार्टी ने जो भी उम्मीदवार घोषित किए हैं सभी आरएसएस की पृष्ठभूमि से जुड़े हुए हैं। सभी ने आरएसएस में सीधे या आरएसएस के प्रकल्पों में कई वर्षों तक कार्य किया है। इंदौर में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के संस्थापक अभय जैन ने कहा कि हम आरएसएस से कभी अलग नहीं हुए। हम पहले भी आरएसएस से जुड़े हुए थे और आज भी जुड़े हुए हैं। आरएसएस किसी भी एक पार्टी को अपनी पार्टी नहीं मानता। जो भी आरएसएस की विचारधारा को सपोर्ट करता है आरएसएस उसे स्वयं आगे बढ़ाता है। 
विज्ञापन

2 of 9
डॉक्टर सुभाष बारोड - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
डॉक्टर सुभाष बारोड
डॉक्टर सुभाष बारोड इंदौर में शासकीय डॉक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे लंबे समय तक आरएसएस में कई पदों पर रहे और बाद में भारत हितरक्षा के बैनर तले सामाजिक कार्य करते रहे। उन्होंने झाबुआ हिंदू संगम, अयोध्या राम मंदिर आंदोलन में बड़ी भूमिकाएं निभाई। वे इंदौर की पांच नंबर विभानसभा सीट से जनहित पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। 
विज्ञापन

3 of 9
गोपाल जायसवाल - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
गोपाल जायसवाल
गोपाल जायसवाल ग्वालियर दक्षिण से चुनाव लड़ रहे हैं। वे आरटीआई एक्टिविस्ट रहे हैं और संघ से भी लंबे समय तक जुड़े रहे हैं। वे कांफ्रेडशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स CAIT में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। इसके साथ वे व्यापारिक, सामाजिक संस्थाओं में विभिन्न पदों पर रहे हैं। कोरोनाकाल में भी उन्होंने शहर के कई संगठनों के माध्यमों से सैकड़ों लोगों की मदद की। आरटीआई के माध्यम से वे कई घोटालों का पर्दाफाश कर चुके हैं। इनमें पंप ड्राइवर घोटाला, शिक्षा में भ्रष्टाचार, खेल विभाग के भ्रष्टाचार आदि शामिल हैं। 

4 of 9
राहुल सिंह - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
राहुल सिंह 
राहुल गांव नौखड कला के रहने वाले हैं। वे सतना से चुनाव लड़ रहे हैं। 2001 से 2007 तक संघ में प्रचारक रहे हैं। इनका खेती का व्यवसाय है और ये संघ के माध्यम से कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। इन्होंने बीए किया है और भारत हितरक्षा के बैनर तले कई सामाजिक आंदोलन चला चुके हैं। 
 
विज्ञापन

5 of 9
प्रदीप ठाकरे - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
प्रदीप ठाकरे
सौसर से प्रदीप ठाकरे चुनाव लड़ रहे हैं। वे पूर्व शासकीय शिक्षक रहे हैं और आईटीआई के संस्थापक भी रहे हैं। वे खेती का कार्य भी करते हैं और संघ में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। वे भाजपा में भी लंबे समय तक रहे हैं और बाद में जनहित पार्टी से जुड़े हैं। 
विज्ञापन

6 of 9
शीतल सिंह भदौरिया - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
शीतल सिंह भदौरिया
शीतल सिंह भदौरिया भिंड से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने ग्वालियर माधव कॉलेज से बीए तक पढ़ाई की और फिर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग में डिप्लोमा किया। वे सिविल से डिप्लोमा भी कर चुके हैं। स्कूल शिक्षा के समय से छात्र राजनीत में सक्रिय रहे और विद्यार्थी परिषद में 1992 से सक्रिय कार्यकर्ता रहे। विद्यार्थी परिषद के विभिन्न दायित्व निभाए। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में 1990 से आज तक स्वयं सेवक हैं। संघ में द्वितीय वर्ष तक शिक्षण हुआ। भिंड ग्रामीण में खंड कार्यवाह, जिला पर्यावरण प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद जिला सह मंत्री का दायित्व भी निभाया। ग्वालियर अंचल (भिंड मुरैना ग्वालियर) एकल विद्यालय योजना में 4 वर्ष पूर्णकालिक रहे। 2008 से भारत हितरक्षा अभियान के सभी अभियानों में परिवार सहित पूर्ण सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया। जनहित पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। 
विज्ञापन

7 of 9
ददन प्रसाद मिश्र - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
ददन प्रसाद मिश्र
मऊगंज से ददन प्रसाद मिश्र चुनाव लड़ रहे हैं। वे शारीरिक शिक्षक के पद से 2016 में सेवा निवृत्ति हुए। वर्तमान में अधिवक्ता हैं और साथ साथ कृषि कार्य भी करते हैं। एक छोटे गांव पांती मिसरान के निवासी हैं। सन् 1977 से संघ के कार्यकर्ता रहे हैं। 1988 में गांव में सरस्वती शिशु मंदिर प्रारंभ करवाया ताकि बच्चों को संस्कार युक्त पढ़ाई का माहौल मिल सके। संघ में प्रचार प्रमुख, जिला बौद्धिक प्रमुख, सह जिला कार्यवाह, जिला मऊगंज खंड संघचालक, विभाग सा सेवा प्रमुख, कुटुंब प्रबोधन इत्यादि दायित्वों का निर्वाह किया। मऊगंज जिले के अंदर संघ कार्य को गहराई से उतारने का कार्य किया। 

8 of 9
चंद्रशेखर पाटीदार - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
चंद्रशेखर पाटीदार
कालापीपल से चंद्रशेखर पाटीदार चुनाव लड़ रहे हैं। वे पेशे से किसान हैं और कालापीपल के आसपास के गांवों में लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। हिन्दुत्व से जुड़े आंदोलनों में उन्होंने बड़ी भूमिकाएं निभाई है। 
विज्ञापन

9 of 9
विजय दुबे - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
विजय दुबे
इंदौर चार से विजय दुबे चुनाव लड़ रहे हैं। वे यहां के एक अस्पताल में मैनेजमेंट का कार्य देखते हैं। वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे भी आरएसएस के कार्य़कर्ता रह चुके हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें