इंदौर के आगम जैन ने हवाई में इस एक सप्ताह के चंद्र सिमुलेशन एनालॉग अंतरिक्ष यात्री मिशन को पूरा किया है। ऐसा करने वाले वह दुनिया के सबसे कम उम्र के युवा हैं और भारत में भी पहली बार किसी को यह उपलब्धि मिली है। इसके बाद उन्हें एनालॉग अंतरिक्ष यात्री का सम्मान मिला है।
आगम का चयन कुल पांच स्पेस प्रोग्राम में हुआ था जिसमें से दो प्रोग्राम वह पूरे कर चुके हैं। इनमें से एक प्रोग्राम नासा ने करवाया था। वे नासा से अपनी इंटर्नशिप भी कर चुके हैं। अब आगामी तीन स्पेस प्रोग्राम के लिए उन्हें सरकार से आर्थिक मदद की दरकार है। उन्होंने इसरो में भी दो महीने की इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट किया है। 21 वर्षीय अगम जैन वीआईटी भोपाल में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं।
यह दो प्रोजेक्ट हो चुके पूरे
1. आगम ने दुनिया भर के 80 छात्रों के साथ नासा, हंट्सविले, अलबामा में अंतर्राष्ट्रीय वायु और अंतरिक्ष कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
2. इसके अलावा उन्होंने हाल ही में दुनिया भर के 6 उम्मीदवारों में से एक के रूप में हवाई, संयुक्त राज्य अमेरिका में मेरा IMA HI-SEAS (इंटरनेशनल मूनबेस एलायंस - हवाई स्पेस एक्सप्लोरेशन एनालॉग और सिमुलेशन) एनालॉग अंतरिक्ष यात्री कार्यक्रम पूरा किया। इसमें इजराइल, बेल्जियम, अमेरिका और भारत से चुने गए उम्मीदवार शामिल थे। यह नासा के पांच सफल लंबी अवधि के मंगल सिमुलेशन मिशनों का घर भी है। वह HI-SEASS, हवाई में इस एक सप्ताह के चंद्र सिमुलेशन एनालॉग अंतरिक्ष यात्री मिशन को पूरा करने वाले सबसे कम उम्र के और पहले भारतीय भी बने और अब इस मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद मुझे एनालॉग अंतरिक्ष यात्री कहा जा सकता है।
नासा में मित्रों के साथ आगम जैन।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
इन तीन प्रोजेक्ट के लिए मदद की जरूरत
अब उन्हें आगामी तीन प्रोजेक्ट के लिए 12 लाख रुपए की आर्थिक मदद की जरूरत है। इसमें पोसम (फ्लोरिडा टेक यूनिवर्सिटी, यूएसए) के लिए और क्राकोव, पोलैंड में एनालॉग एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग सेंटर (AATC) और लूनएरेस एनालॉग एस्ट्रोनॉट मिशन, पिला, पोलैंड शामिल है।
मुख्यमंत्री से मांगी मदद
आगम ने बताया कि मदद के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ सांसद शंकर लालवानी और इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी से मदद मांगी है। चुनाव के चलते उन्हें मदद नहीं मिल पाई है लेकिन अब पूरी उम्मीद है कि सरकार और प्रशासन के द्वारा मदद कर दी जाएगी। इससे पहले के दोनों प्रोजेक्ट के लिए उनके रिश्तेदारों और जैन समाज ने मदद की थी।
आंध्र प्रदेश की छात्रा को मिली थी 50 लाख रुपए की मदद
इससे पहले नासा के इंटरनेशनल एयर एंड स्पेस प्रोग्राम को पूरा करने वाली पहली भारतीय जान्हवी दंगेती को आंध्र प्रदेश के मुख्या मंत्री जगन मोहन रेड्डी से 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई थी।