शहीद दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की शहादत का स्मृति प्रसंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा की। सीएम ने कहा कि शहीद ए आजम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू तीनों क्रांतिकारियों की प्रतिमा भोपाल की पवित्र धरती पर लगाई जाएगी। मनभावन की टेकरी पर प्रतिमा लगाई जाएगी, स्मारक बनाया जाएगा। पहली से 12वीं तक की पाठ्यक्रम में तीनों के बलिदान का पाठ पढ़ाया जाएगा। ताकी आने वाली पीढ़िया. उनके बलिदान से प्रेरणा लेती रहें।
सीएम ने कार्यक्रम में कहा कि तीन परिंदे उड़े तो आसमान रो पड़ा। वो हंस रहे थे, लेकिन पूरा हिंदुस्तान रो पड़ा। ब्रिटिश हुकूमत सरदार भगतसिंह, सुखदेव, राजगुरू से इतनी घबराई थी कि समय से पहले ही फांसी दे दी। सीएम ने कहा कि हमारे देश को आजादी कोई चांदी की तस्तरी में रख कर भेंट नहीं की गई, हजारों क्रांतिकारियों ने जान की बाजी लगा दी। कुछ ऐसे थे जिन्होंने अपने रक्त से भारत भूमि को लाल किया था। उनके त्याग, तपस्या, बलिदान से भारत आजाद हुआ।
सीएम ने कहा कि मन में एक पीढ़ा है। जब आजादी का इतिहास पढाया गया कि हिंदुस्तान को आजाद नेहरू जी, इंदिरा गांधी जी ने दिलाई, लेकिन हम भूल गये कई शहीदों को, हम भूल गये झांसी की रानी को। हम भूल गये तात्याटोपे को, लाला हरदयाल को, उद्यम सिंह को, राजगुरू को, रामप्रसाद बिस्मिल को, हम भूल गये भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेता जी सुभाष चंद्र बोस को, वीर सावरकर को, टंटया मामा को हम भूल गये।