सीएम मोहन ने उद्योगपतियों से संवाद किया
- फोटो : अमर उजाला
2030 तक जीएसडीपी बढ़ाने का लक्ष्य
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं, उपलब्ध संसाधनों और औद्योगिक अधोसंरचना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की जीडीपी 16.7 लाख करोड़ रुपए है और वर्ष 2011-12 की तुलना में प्रति व्यक्ति आय 4.4 गुना बढ़ी है। प्रदेश करीब आठ प्रतिशत की विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। मंडलोई ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2030 तक प्रदेश की जीएसडीपी बढ़ाने का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया है। मध्यप्रदेश खनिज संपदा से समृद्ध होने के साथ सरप्लस बिजली वाला राज्य है। उद्योगों के विकास के लिए संसाधन, बिजली, लोकेशन और कुशल कामगार प्रदेश की चार प्रमुख ताकत हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 340 इंडस्ट्रियल पार्क, सात स्मार्ट सिटी और पांच आईटी स्पेशल जोन हैं। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए करीब एक लाख एकड़ का लैंड बैंक भी उपलब्ध है।
ये भी पढ़ें-
आरपीजी ग्रुप का बड़ा प्लान: जबलपुर में ट्रांसमिशन, 3 शहरों में टायर प्लांट; उज्जैन में आईटी निवेश की तैयारी
सस्ती बिजली और आसान निवेश प्रक्रिया
प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए बिजली की दरें प्रतिस्पर्धी हैं। निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम उपलब्ध कराया गया है। उद्योगों को एक रुपए में औद्योगिक भूमि और 4.36 रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराने की बात भी रखी गई। सरकार का फोकस निवेशकों के लिए नए और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर है। मध्यप्रदेश देश का तीसरा सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक राज्य है और गेहूं उत्पादन में भी अग्रणी राज्यों में शामिल है। ऐसे में फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए धार में पीएम मित्र पार्क विकसित किया जा रहा है। प्रदेश के वैश्विक कपास उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान को भी निवेशकों के सामने रेखांकित किया गया। मंडलोई ने बताया कि प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में पंप स्टोरेज यूनिट स्थापित की जा रही हैं। लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मजबूत करने के लिए मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित किए गए हैं। इसके अलावा फुटवेयर, फार्मा और अन्य क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं बताई गईं।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: सीएम मोहन यादव बोले- हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस आत्ममंथन करे
पर्यटन में भी निवेश की बड़ी संभावनाएं
मध्यप्रदेश खनिज संसाधनों के आधार पर खनन और सीमेंट उद्योग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में सीमेंट प्लांट्स के विस्तार के साथ इस क्षेत्र में नए निवेश की संभावनाओं पर भी निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया गया। पर्यटन क्षेत्र को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा गया कि मध्यप्रदेश में 18 यूनेस्को साइट, नौ टाइगर रिजर्व और 12 नेशनल पार्क हैं। उज्जैन के पास वेलनेस सेंटर भी स्थापित किया गया है। प्राकृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक और वेलनेस पर्यटन को देखते हुए प्रदेश में पर्यटन आधारित निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।