राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित होटल लिवाना में सोमवार सुबह भीषण आग लग जाने से हड़कंप मच गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि कई की हालत गंभीर है।
राहत व बचाव कार्य जारी है। मौके पर जिलाधिकारी व कई बड़े अधिकारियों सहित एसडीआरएफ की टीम मौजूद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए हादसे के शिकार हुए लोगों को इलाज मुहैया कराने और राहत व बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री योगी खुद भी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।
राहत व बचाव कार्य के दौरान जेसीबी का हुक भी टूट गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां मौजूद हैं। छह एंबुलेंस लगाई गई हैं जो कि पीड़ितों को अस्पताल ले जा रही हैं। बड़ी संख्या में फायर मैन होटल के बिल्डिंग में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। बचाव कार्य के दौरान जेसीबी का हुक टूट गया।
आग पर काबू पाने के लिए बुलडोजर से दीवार तोड़ी गई है। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि होटल में कुल 30 कमरे हैं, इनमें से 18 कमरों में लोग थे। 30 से 35 लोग कमरों में मौजूद थे।