फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: अमन की दुआओं के साथ अदा हुई नमाज, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा बकरीद का त्योहार, तस्वीरें

Thu, 28 May 2026 04:38 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बकरीद का त्योहार पूरे उत्साह और भाईचारे के माहौल के बीच मनाया जा रहा है। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। देखें, तस्वीरें
विज्ञापन
1 of 15
नमाज अदा कर मांगी अमन-चैन और खुशहाली की दुआ - फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ सहित पूरे यूपी में ईद उल अजहा का (बकरीद) का त्योहार अकीदत, उल्लास और भाईचारे के माहौल के बीच मनाया जा रहा है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस मौके पर अलग-अलग जिलों की ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी और एक दूसरे को मुबारकबाद दी। घरों में सेवईं और पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए, जबकि मेहमानों की आवभगत का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।

लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह में सुन्नी समुदाय की नमाज मौलाना खालिद रशीदी फरंगी महली ने अदा कराई। नमाज के बाद उन्होंने मुल्क और दुनिया में अमन-शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ कराई। वहीं, शिया समुदाय के लोगों ने बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसफी मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। यहां भी मुल्क की तरक्की, अमन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं।

नमाज से पहले मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरीद का त्योहार त्याग, इंसानियत, भाईचारे और अल्लाह की राह में कुर्बानी का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अमन, मोहब्बत और सादगी के साथ पर्व मनाने तथा जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।

पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा, जिससे पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

नमाज के बाद शहरभर में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने घरों में कुर्बानी कर सुन्नत अदा की। घरों में तरह-तरह के पकवान बने और लोगों ने एक-दूसरे को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।
विज्ञापन

टीले वाली मस्जिद में अदा की गई नमाज, बड़ी संख्या में पहुंचे नमाजी

2 of 15
लखनऊ की टीले वाली मस्जिद। - फोटो : amar ujala
लखनऊ की टीले वाली मस्जिद में नमाज अदा की गई। सभी ने देश में खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।
विज्ञापन

बहराइच: ईदगाह और मस्जिदों में अकीदत के साथ पढ़ी गई बकरीद की नमाज

3 of 15
- फोटो : amar ujala
बहराइच जिले में बृहस्पतिवार को अकीदत के साथ ईद-उल-अजहा की नमाज विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में अलग-अलग समय पर पढ़ी गई। लोगों ने नमाज अदा करते हुए देश में अमन व भाईचारे की दुआ मांगी। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए इस बार बकरीद की नमाज का समय सुबह 5:30 बजे से निर्धारित किया गया था। ऐसे में नमाज अदा करने के लिए सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाह में भीड़ उमड़ने लगी। शहर के मरकजी ईदगाह सलारगंज में सबसे बाद में नमाज सुबह 9 बजे अदा की गई।

पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया

4 of 15
उत्साह के साथ मनाया जा रहा बकरीद का त्योहार - फोटो : amar ujala
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तानों में पहुंचे और अपने पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़कर दुआ की। वहां से लौटने के बाद घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ।

पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा, जिससे पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।
विज्ञापन

अयोध्या: ईदगाह में अदा करने पहुंचे लोग, सुरक्षा के किए गए इंतजाम

5 of 15
अयोध्या में अदा की गई बकरीद की नमाज। - फोटो : amar ujala
अयोध्या जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। सुबह सात बजे से विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई। शहर में मुख्य नमाज सिविल ईदगाह में सुबह 8:00 बजे अदा की गई। नमाज की इमामत करते हुए अमन-चैन व भाईचारे की दुआ कराई गई। हजारों लोगों ने एक साथ हाथ उठाकर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और भाईचाई की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। गर्मी को देखते हुए ईदगाह के बाहर नमाजियों के साथ साथ राहगीरों के लिए शरबत और ठंडे पानी का इंतजाम किया गया।
विज्ञापन

गोंडा: ईदगाह में जगह कम पड़ने पर छतों पर अदा की गई नमाज

6 of 15
ईदगाहों और मस्जिदों में अदा की गई नमाज। - फोटो : amar ujala
गोंडा जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार शनिवार को पूरे उत्साह, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। जिलेभर में त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और अधिकारियों की तैनाती रही।

शहर के पटेलनगर स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण ईदगाह परिसर में जगह कम पड़ गई, जिसके चलते कई लोगों ने ईदगाह की छत पर चढ़कर नमाज अदा की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी।
विज्ञापन

पूरी तरह अलर्ट नजर आया प्रशासन

7 of 15
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार गश्त करते नजर आए। - फोटो : amar ujala
ईद की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिले की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शहर की मुख्य ईदगाह में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, सदर एसडीएम जितेंद्र गौतम और क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय मौजूद रहे।

रायबरेली: ईद उल अजहा पर नमाज, चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

8 of 15
एक दूसरे को बकरीद की बधाई देते बच्चे। - फोटो : amar ujala
ईद उल अजहा के अवसर पर जिले भर की ईदगाहों पर सुबह की नमाज अदा की गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ईदगाहों के आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की गई। मुस्लिम बहुल इलाकों में त्योहार को लेकर विशेष रौनक दिखाई दी। लोगों ने एक-दूसरे को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान लोगों ने मुल्क की तरक्की और अमन चैन के लिए विशेष दुआएं मांगीं। त्योहार के मद्देनजर पुलिस बल भी मुस्तैद रहा।

बलरामपुर: ईदगाहों और मस्जिदों में पढ़ी गई नमाज, अमन-भाईचारे की मांगी दुआ

9 of 15
ईदगाह नौसहरा में अदा की गई नमाज। - फोटो : amar ujala
बलरामपुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह बड़े ही अकीदत और उत्साह के साथ ईद उल अजहा यानी बकरीद का पर्व मनाया गया। जिले की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में अलग-अलग समय पर नमाज पढ़ी गई। तेज धूप को देखते हुए मस्जिद और ईदगाह कमेटियों ने सुबह 6:30 बजे से नमाज शुरू कराने का निर्णय लिया। नगर की सबसे अंतिम नमाज सुबह 9 बजे बड़ी ईदगाह नौसहरा में अदा की गई।

नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तानों में पहुंचे और अपने पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़कर दुआ की। वहां से लौटने के बाद घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा, जिससे पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।
 

सुल्तानपुर : ईदगाह में हजारों हाथ उठे अमन-चैन की दुआ के लिए

10 of 15
एक दूसरे को बकरीद की बधाई देते लोग। - फोटो : amar ujala
सुल्तानपुर जिले में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह 7:30 बजे शहर के ईदगाह मैदान में मौलाना सुलेमान साहब की इमामत में हजारों नमाजियों ने एक साथ बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए खास दुआ मांगी गई। 

नमाज अदा होते ही लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर के साथ ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग ईदगाह पहुंचे थे। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। जिले की सभी मस्जिदों में भी निर्धारित समय पर बकरीद की नमाज अदा की गई।

अयोध्या: रामनगरी में करीब 111 ईदगाहों और 211 मस्जिदों में बकरीद की अदा की गई नमाज

11 of 15
बकरीद की नमाज अदा की गई - फोटो : amar ujala
ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। लाखों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने सिविल लाइन ईदगाह समेत जिले की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की। 

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। अयोध्या में बकरीद की नमाज सुबह 6 बजकर 15 मिनट से शुरू हुई। सिविल लाइन ईदगाह पर बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे और सुबह लगभग 8:30बजे अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। रामनगरी में करीब 111 ईदगाहों और 211 मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की गई। 

नमाज के बाद कुर्बानी की प्रक्रिया शुरू हुई। ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली। कई जगहों पर लोग सड़कों पर भी नमाज पढ़ते नजर आए। बकरीद को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती रही ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

अमेठी: अकीदत के साथ मनाई गई बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़े लोग

12 of 15
मस्जिद में नमाज अदा करते मुस्लिम समाज के लोग। - फोटो : amar ujala
अमेठी जिले भर में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) अकीदत, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाई गई। शहर से ग्रामीण इलाकों तक मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। घरों में सेवईं और पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए, जबकि मेहमानों की आवभगत का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।

शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। पेश इमाम मौलाना साजिद रजा ने नमाज के बाद भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। पर्व पर सामाजिक समरसता की मिसाल भी देखने को मिली। विभिन्न वर्गों के लोगों ने जामा मस्जिद पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं।

प्रमुख स्थानों पर पूरे दिन पुलिस बल तैनात रहा

13 of 15
मस्जिद के बाहर तैनात पुलिसकर्मी। - फोटो : amar ujala
गौरीगंज की जामा मस्जिद समेत जिले की अन्य मस्जिदों और ईदगाहों में भी शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। मौलाना मुर्तुजा मिस्बाही ने खुतबे में कुर्बानी के महत्व और मानव सेवा की भावना पर प्रकाश डाला। नमाज के बाद लोगों ने रिश्तेदारों और मित्रों से मुलाकात कर पर्व की खुशियां साझा कीं।

पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने जायस समेत कई क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर सौहार्द बनाए रखने की अपील की। जगदीशपुर, वारिशगंज, कठौरा, रानीगंज, सिंदुरवा और देवकली समेत विभिन्न गांवों में भी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। प्रमुख स्थानों पर पूरे दिन पुलिस बल तैनात रहा।

बाराबंकी: ईद-उल-अजहा पर गूंजी अमन और भाईचारे की दुआएं

14 of 15
गूंजी अमन और भाईचारे की दुआएं - फोटो : amar ujala
बाराबंकी जिले भर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बृहस्पतिवार को श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। शहर के पीरबटावन स्थित ईदगाह सहित तमाम बड़ी और छोटी मस्जिदों में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन, भाईचारा, एकता और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।

इबादत के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक त्योहार की रौनक देखने को मिली। पीरबटावन ईदगाह में जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विज्ञापन

विभिन्न इलाकों की ईदगाहों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की

15 of 15
ईदगाहों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की - फोटो : amar ujala
सतरिख क्षेत्र के पारा कुंवर गांव, मसौली, सआदतगंज, रामपुर और बाबागंज समेत विभिन्न इलाकों की ईदगाहों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। मसौली में नमाज के बाद ईदगाह से निकलते लोगों में उत्साह नजर आया।

ईदुलअजहा के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। मसौली कोतवाल अजय प्रकाश त्रिपाठी, चौकी इंचार्ज मिथिलेश चौहान तथा पीएसी जवानों ने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के बीच जिलेभर में त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें