रेलवे ठेकेदार व बिहार के हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र उर्फ गोरख ठाकुर की हत्या की पड़ताल जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है तो कई करीबी किरदारों की भूमिका भी सामने आती जा रही है। करीब दस दिन से चल रही इस हत्याकांड की पड़ताल में पुलिस को इस बात की जानकारी मिली है कि वीरेंद्र की हत्या की सुपारी उसकी पहली पत्नी प्रियंका ने दी थी। हत्या की साजिश रचने में मुख्य आरोपी फिरदौस, वीरेंद्र की पहली पत्नी प्रियंका और उसका प्रेमी बिट्टू शामिल है। पुलिस तीनों की कड़ी मिलाने में जुटी है।
कैंट के निलमथा इलाके में रेलवे ठेकेदार वीरेंद्र ठाकुर की 25 जून शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में वीरेंद्र की दूसरी पत्नी खुशबुन तारा ने कैंट थाने में पहली पत्नी प्रियंका, उसके प्रेमी बिट्टू और फिरदौस के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया था। बिहार में ताबड़तोड़ दबिश और 100 से अधिक मोबाइल नंबरों के सर्विलांस से यह साफ हो गया था कि वीरेंद्र की हत्या फिरदौस ने ही अपने शूटरों के साथ की थी। पुलिस की पड़ताल में यह भी साफ हो गया है कि प्रियंका और बिट्टू ने फिरदौस के साथ हत्या की साजिश रची थी।
फिरदौस ने प्रियंका के एक ही बार कहने पर वीरेंद्र की हत्या की सुपारी ले ली थी। सुपारी कितने की थी। इस बारे में फिरदौस या प्रियंका के गिरफ्तार होने पर ही पता चलेगा। पुलिस अब दो बिंदुओं पर ही पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक, वीरेंद्र ठाकुर की हत्या या तो पारिवारिक विवाद या फिर रेलवे ठेकेदारी को लेकर कराई गई है।