राजधानी लखनऊ में कोरोना संक्रमण अब काफी कम हो चुका है। ऐसे में यदि एक जून से बाजार सशर्त खुल जाएं तो यह ठप पड़े कारोबार के लिए संजीवनी जैसा होगा। क्योंकि जून व जुलाई में सहालग के 11 शुभ मुहूर्त हैं और इनसे बाजार को काफी उम्मीदें हैं। कारोबारियों का अनुमान है कि बाजार खुलने पर अप्रैल-मई की सहालग और रमजान में हुए नुकसान की 50 फीसदी भरपाई संभव है।
व्यापारियों का कहना है कि जुलाई में बारिश के दस्तक देने के बाद कारोबार ठंडा हो जाता है। इस बार अक्तूबर में शादियां होंगी नहीं। इसलिए सरकार को जून दुकान खोलने की अनुमति दे देनी चाहिए। बाजार खुलने पर खास तौर पर शहर की हजरतगंज, पत्रकारपुरम, भूतनाथ मार्केट, अमीनाबाद, नाका, आलमबाग और चौक बाजार में रौनक आ जाएगी।
जून-जुलाई के मुहूर्त
जून और जुलाई में शादी के 11 शुभ मुहूर्त हैं। इनमें जून में 5, 16, 20, 22, 23 और 24 तारीख को जबकि जुलाई में 1, 2, 7, 13 और 15 तारीख को लग्न है।