लखनऊ में गोमतीनगर के रिवर फ्रंट के पास शुक्रवार दोपहर ऑटो में सवार युवती से चालक ने छेड़छाड़ की। विरोध किया तो रफ्तार और बढ़ा दी। युवती मदद के लिए चिल्लाई और लोहिया पथ पर चलती ऑटो से कूद गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने ऑटो को घेरकर रोका और चालक को पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, कुछ लोगों ने चालक व ऑटो को नदी में फेंकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक ऑटो चालक शराब के नशे में था। एक राहगीर ने ऑटो चालक के खिलाफ युवती से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पीड़िता निजी अस्पताल में भर्ती है।