पीजीआई के यमुनापुरम कॉलोनी में साधना सिंह की हत्या पिछले शनिवार रात को हुई थी। इस मामले में उनका ही नाबालिग बेटा आरोपी निकला, जिसकी चर्चा एक सप्ताह बाद भी कॉलोनी में होती रही। वहीं आरोपी नाबालिग के तीन करीबी दोस्त हैं। उसमें से एक ने बताया कि वह अक्सर जासूसी फिल्मों की बातें करता था। यूट्यूब पर वह वीवीआईपी सिक्योरिटी सर्च करता था। इस बारे में उसने कई बार बातचीत की थी।
कॉलोनी में करीब 40 फीसदी सैन्य अफसर व कर्मचारियों के मकान हैं। शनिवार को भी जब कुछ लोग जुटे तो उनमें सैन्य अफसर एनके सिंह और उनके परिवार की ही चर्चा हुई। कॉलोनी के बच्चे अब थोड़ा दहशत से बाहर आये हैं। खेलने के दौरान दोस्तों के बीच मां की हत्या के आरोपी बेटे को लेकर भी बात हुई। इन बच्चों ने ही बताया कि आरोपी बेटा अक्सर डरावनी और जासूसी फिल्मों की ही बात करता था। उसके तीन सबसे करीबी दोस्त थे।