अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र के खुटहना गांव में रविवार रात एक अनोखी शादी हुई। वैदिक रीति रिवाज से संपन्न हुई इस शादी में दूल्हा बने मोतीलाल की उम्र 65 साल तो दुल्हन बनी मोहिनी की उम्र 60 साल है। यह शादी इस मामले में अनोखी रही कि इसमें घराती व बराती एक ही परिवार के लोग रहे। बुजुर्ग की बेटियां व नाती नातिन बराती बने तो पुत्र-बहू की पोते-पोतियों ने घराती का दायित्व निभाया।
खुटहना गांव निवासी मोतीलाल के घर रविवार रात जश्न का माहौल था। मौका था घर के बुजुर्ग मुखिया 65 वर्षीय मोतीलाल और 60 साल की मोहिनी की शादी का। यह दोनों बुजुर्ग 40 साल से एक साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे।
मोतीलाल के घर पर रिश्तेदारों और नातेदारों की भीड़ जुटी थी। ये भीड़ मोतीलाल की शादी में शरीक होने के लिए आई थी, जिसमें उसकी बेटियों से लेकर बहू और नाती-पोते खुशियां मनाते दिखाई दिए। बेटियां और नाती-नातिन सभी मोतीलाल की बरात में बराती बने तो बेटे-बहू व पोते-पोतियां घराती। शादी में शामिल लोगों ने डीजे की धुन पर डांस किया। गांव में हुई शादी में ढोलक की थाप पर मंगलगान भी गूंजे।