Student
- फोटो : istock
नई भाषा, नई समझ
आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला स्वराज क्रिकेट का दीवाना है। जब मम्मी ने कहा कि छुट्टियों में तो अब तुम सिर्फ क्रिकेट खेलोगे? तो स्वराज ने जवाब दिया, “नहीं!” मां थोड़ी हैरान हो गई और बोली, “तो फिर क्या करोगे?” तब स्वराज ने बताया कि “मुझे फ्रेंच भाषा बहुत पसंद है। इसलिए क्रिकेट की प्रैक्टिस से बचे समय में मैं फ्रेंच भाषा सीखूंगा। इसके लिए मैंने एक ऑनलाइन कोर्स में दाखिला भी ले लिया है, ताकि नवीं कक्षा में इस भाषा को पढ़ने में आसानी हो।”
युवा उद्यमी दीपाली माथुर के अनुसार, जब हम कोई नई विदेशी भाषा सीखते हैं तो हमें दुनिया को एक अलग नजरिए से देखने का मौका मिलता है। हम वहां के इतिहास, संस्कृति के बारे में जान पाते हैं और हमारा दिमाग भी खुलता है। एक रिसर्च बताती है कि जब हम स्कूली स्तर पर कोई विदेशी भाषा सीखते हैं तो उससे अपनी मातृभाषा को बेहतर समझ पाते हैं।
खुद को तराशें
छुट्टियों में बच्चों के पास पर्याप्त समय होता है और नई चीजें सीखने का उन्हें भरपूर अवसर मिलता है। दसवीं की छात्रा मालिनी कहती है, “पिछले साल छुट्टियों में जब मैं फोटोग्राफी की एक वर्कशॉप में शामिल हुई तो मुझे फोटोग्राफी के बारे में बहुत कुछ जानने को मिला। साथ ही फोटोग्राफी के प्रति मेरा रुझान भी बढ़ गया। इसके बाद मैंने स्कूल स्तर की कई प्रतियोगिताओं में तस्वीरें भेजीं, जिनमें से कुछ को पुरस्कार मिले। मुझे इस बात की सबसे ज्यादा खुशी है कि मैं समय का सार्थक उपयोग कर सकी।”
शिक्षकों की मानें तो आजकल के बच्चे किसी भी काम से बहुत जल्दी बोर हो जाते हैं। इसलिए वे नई-नई चीजें, स्किल सीखने को आतुर रहते हैं। उनके व्यक्तित्व को निखारने के लिए पढ़ाई के साथ एक्स्ट्रा को-करिकुलर एक्टिविटीज बहुत जरूरी हैं। छुट्टियों को वे जितना रचनात्मक तरीके से बिताते हैं, उससे वे अपने भीतर छिपी प्रतिभा को निखार पाते हैं।
मालिनी आगे भी बताती है कि “मेरे माता-पिता छुट्टियों में रोज शाम को साथ में साइकिल राइड पर जाते थे। वे मुझे नई तस्वीरे खींचने, सामाजिक परेशानियों को अपनी तस्वीरों के माध्यम से दर्शाने के लिए ओल्ड एज होम तथा अनाथालयों में ले जाते थे, जहां मेरी उनसे दोस्ती हुई और मैं उनकी बेबसी को भी समझ सकी।” मालिनी के माता-पिता की तरह ही आप भी अपने बच्चों के साथ समय बिताकर, खेलकर और नए लोगों से जुड़कर बच्चों का सामाजिक दायरा बढ़ा सकती हैं, जो कि उनके भविष्य को बेहतर बनाएगा।