हमारी जीवनशैली और आदतों का स्पष्ट रूप से सेहत पर असर पड़ता है। स्वभाव में जितनी सादगी होगी, हमारा मन उतना ही शांत रहेगा। डॉक्टरों की मानें तो जीवन की सादगी, तनाव जैसी समस्याओं को कम करने के साथ सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकती है। यही कारण है कि जिस व्यक्ति का जीवन जितना सामान्य होता है, उसमें मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं उतनी ही कम होती हैं।
इस संबंध में विशेषज्ञों का कहना है कि हर व्यक्ति के लिए साधारण और सामान्य जीवन का अर्थ अलग-अलग हो सकता है। साधारण जीवन को सरल भाषा में समझें तो इसका अर्थ है, ऐसा जीवन जिसमें अत्यधिक पाने की चाहत के बिना लोग जो है उसी में खुश रह सकें। इसमें आपकी जीवनशैली की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो जाती है। आइए इस लेख में सरल और सामान्य जीवनशैली से होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।