फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावधान: शारीरिक बनावट को लेकर क्या आप भी रहते हैं परेशान? जानिए इस मानसिक रोग के बारे में विस्तार से

Mon, 06 Sep 2021 06:19 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
शरीर की बनावट को लेकर परेशान करने वाली समस्या - फोटो : istock
शरीर को ईश्वर की सबसे खूबसूरत रचना मानी जाती है, पर अक्सर लोग अपनी शारीरिक बनावट को लेकर परेशान रहते हैं। शरीर के आकार, कद, त्वचा के रंग आदि को लेकर फिक्रमंद रहना स्वाभाविक है, पर अगर यह फ्रिक आपके लिए चिंता का कारण बन जाए, आपके दैनिक कार्यों में समस्या उत्पन्न करने लगे तो आपको सावधान हो जाने की जरूरत है। इस तरह की समस्या बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर का संकेत हो सकती है। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज ने अपनी इसी समस्या के बारे में बताया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर एक मानसिक स्वास्थ्य विकार है जिसमें आपको अपने शरीर की बनावट में कई प्रकार की कमियां नजर आने लगती हैं। खास बात यह है कि शारीरिक बनावट को लेकर जो कमी आपको परेशान कर रही होती हैं, आमतौर पर दूसरे लोगों को वह नजर नहीं आती है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी यह विकार आपको इस कदर परेशान कर देती है कि आप लोगों से मिलने में शर्मिंदगी महसूस करते हैं। कई स्थितियों में यह समस्या डिप्रेशन का भी कारण बन सकती है। अगर आपको भी इस तरह की दिक्कत महसूस होती है, तो सावधान हो जाएं और तुरंत मनोचिकित्सक से संपर्क करें। आइए इस मानसिक समस्या के बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
शरीर की बनावट को लेकर तनाव - फोटो : istock
बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर के क्या लक्षण होते हैं
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर की समस्या किसी को भी हो सकती है, पर इसे समस्या तभी माना जाता है जब इसके लक्षण आपके दैनिक जीवन के कार्यों को प्रभावित करने लगें। ऐसे में सभी लोगों के लिए इसके लक्षणों को जानना और उनपर ध्यान देना आवश्यक हो जाता है। यदि आपको भी ऐसे लक्षण महसूस होते हैं, तो इस बारे में डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।
  • मन में बार-बार विचार आना कि आपकी शारीरिक बनावट को देखकर लोग आपको जज कर रहे होंगे, जबकि वास्तव में ऐसा न हो। 
  • दूसरों के साथ अपनी बनावट की लगातार तुलना करना।
  • ऐसा विश्वास बना लेना कि आपकी शारीरिक बनावट को लेकर लोग मजाक बनाते हैं। 
  • शरीर में कथित दोष को ठीक करने या छिपाने का बार-बार प्रयास करना। जैसे कि बार-बार शीशा देखना, उस कमी को छिपाने का बार-बार प्रयास करते रहना। 
  • स्टाइलिंग, मेकअप या कपड़ों से उस कथित शारीरिक बनावट को छिपाने का प्रयास करते रहना।
विज्ञापन

3 of 5
शरीर की बनावट को लेकर तनाव की स्थिति (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर से संबंधित जटिलताएं
बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर कुछ स्थितियों में गंभीर जटिलताओं का भी कारण बन सकती है। ऐसे में समय पर इसका निदान और इलाज बेहद आवश्यक माना जाता है। उदाहरण के लिए, बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर के कारण इस तरह की जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता है।
  • गंभीर डिप्रेशन या चिंता बना रहना। 
  • आत्मघाती विचार आना।
  • सामाजिक भय या लोगों के सामने जाने में शर्मिंदगी महसूस होना। 
  • ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (ओसीडी) की समस्या।

 

4 of 5
मस्तिष्क में असामान्यता (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर की समस्या के क्या कारण हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर का मुख्य कारण क्या है, इस बारे में विशेष रूप से ज्ञात नहीं है। कई अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं, मस्तिष्क में असामान्यता, या कुछ आनुवांशिक स्थितियों के कारण किसी को भी यह समस्या हो सकती है। जीवन से जुड़े नकारात्मक अनुभव, चाइल्डहुड टीजिग या चाइल्ड अब्यूज जैसी स्थितियां भी इस समस्या का कारण बन सकती हैं। चिंता या अवसाद के शिकार लोगों में यह समस्या अधिक हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर की समस्या को समझें - फोटो : istock
बॉडी डिस्मार्फिक डिसऑर्डर को कैसे ठीक किया जाता है
तमाम तरह के जोखिम कारकों और व्यवहार का मूल्यांकन करते हुए मानसिक रोग विशेषज्ञ इस समस्या का निदान करते हैं। इस विकार के उपचार के लिए आवश्यकतानुसार कॉग्नेटिव बिहेवियर थेरपी या कुछ दवाएं, अथवा दोनों दी जा सकती हैं। सेलेक्टिव सेरोटोनिन रूप्टेक इनहिबिटर (एसएसआरआई) दवाइयों को इस समस्या के उपचार में प्रयोग में लाया जाता है। हालांकि हर रोगी को दवा की आवश्यकता हो, ऐसा जरूरी नहीं है।

-------------
स्रोत और संदर्भ: 
Body dysmorphic disorder is a mental health disorder

अस्वीकरण नोट: यह लेख मायोक्लीनिक की वेबसाइट्स से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें