फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: हृदय रोगों के खतरे से सुरक्षित रख सकता है अखरोट, अध्ययन में खुलासा

Sat, 11 Sep 2021 03:26 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
हृदय रोगों में बेहद फायदेमंद है अखरोट का सेवन - फोटो : istock
हृदय रोगों के खतरे को कम करने के लिए अक्सर आपने 'बैड कोलेस्ट्रॉल' वाली चीजों के कम सेवन के बारे में सुना होगा। कोलेस्ट्रॉल एक प्रकार का रासायनिक यौगिक होता है जो शरीर के लिए काफी आवश्यक माना जाता है। कई प्रकार के हार्मोन के निर्माण और पाचन को ठीक रखने के लिए शरीर को कोलेस्ट्रॉल की आवश्यकता होती है। कोलेस्ट्रॉल मुख्यरूप से दो प्रकार के होते हैं- गुड कोलेस्ट्रॉल और बैड कोलेस्ट्रॉल। बैड कोलेस्ट्रॉल धमनी की दीवारों में जमा हो जाता है, जिसके कारण रक्त के थक्का बनने का खतरा बढ़ सकता है। गंभीर स्थिति में इससे स्ट्रोक या दिल का दौरा पड़ने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को लेकर हाल ही में किए गए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने सभी लोगों को रोजाना एक ऐसी चीज के सेवन के बारे में बताया है जो बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में सहायक हो सकता है।
वैज्ञानिकों ने एक अध्ययन में पाया है कि जो लोग रोजाना अखरोट का सेवन करते हैं उनमें बैड कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने का खतरा कम होता है, जिससे हृदय रोग का भी संकट कम हो जाता है। इस अध्ययन के निष्कर्ष को अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के मुख्य जर्नल 'सर्कुलेशन' में प्रकाशित किया गया है। आइए आगे की स्लाइडों में इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
हृदय रोगों से मिल सकती है सुरक्षा (सांकेतिक) - फोटो : Pixabay
हृदय रोगों में फायदेमंद है अखरोट का सेवन
हृदय रोगों के खतरे को लेकर अध्ययन कर रही वैज्ञानिकों की टीम ने पाया कि जिन प्रतिभागियों ने दो साल तक रोजाना मुट्ठी भर अखरोट (लगभग 1/2 कप) खाया उनमें एलडीएल कोलेस्ट्रॉल (बैड कोलेस्ट्रॉल) का स्तर कम पाया गया। वैज्ञानिकों का कहना है कि अखरोट को ओमेगा-3 फैटी एसिड से समृद्ध माना जाता है, यह हृदय के स्वास्थ्य के लिए सबसे आवश्यक पोषक तत्वों में से एक होता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि हृदय रोगों के खतरे को कम करने के लिए सभी को आहार में ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा को बढ़ा देना चाहिए, अखरोट ऐसे में बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।
विज्ञापन

3 of 5
रोजाना खाने चाहिए अखरोट - फोटो : Pixels
अध्ययन में क्या पता चला
अध्ययनकर्ताओं ने मई 2012 से लेकर मई 2016 तक किए गए इस शोध में  63-79 साल की आयु वाले 708 प्रतिभागियों को शामिल किया। प्रतिभागियों को दो समूहों में विभाजित किया गया। पहले समूह को दैनिक आहार में लगभग आधा कप अखरोट दिया गया जबकि दूसरे समूह के लोगों को अखरोट न खाने की सलाह दी गई। दो वर्षों के बाद जब प्रतिभागियों के कोलेस्ट्रॉल के स्तर का परीक्षण किया गया तो जिस समूह के लोगों ने अखरोट का सेवन किया था उनमें बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर काफी कम पाया गया। इस आधार पर वैज्ञानिक अखरोट के सेवन को हृदय रोगों के लिए लाभदायक मान रहे हैं। 

4 of 5
हृदय के गंभीर रोगों का जोखिम हो सकता है कम (सांकेतिक) - फोटो : Pixabay
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
स्पेन स्थित एंडोक्रिनोलॉजी एंड न्यूट्रिशन सर्विस में लिपिड क्लिनिक के निदेशक और अध्ययन के सह-लेखक एमिलियो रोस कहते हैं, अध्ययन से पता चलता है कि नट्स, विशेष रूप से अखरोट, हृदय रोग और स्ट्रोक के खतरे को कम करने में बेहद सहायक हो सकते हैं। इसका एक कारण यह है कि अखरोट एलडीएल-कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम कर देता है जिसे हृदय रोगों का मुख्य कारक माना जाता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
अखरोट हो सकता है सेहत के लिए बेहद फायदेमंद - फोटो : Pixabay
अखरोट के और फायदों के बारे में जानिए
एमिलियो रोस कहते हैं, नट्स का सेवन करते समय अक्सर लोगों के मन में वजन बढ़ने का डर रहता है। हालांकि हमने अध्ययन में पाया है कि अखरोट में पाया जाने वाला हेल्दी फैट  
वजन को बढ़ने नहीं देता है, इस लिहाजे से भी अखरोट का सेवन फायदेमंद माना जा सकता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, अखरोट विशेष रूप से ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होते है, ऐसे में शाकाहारी लोगों के लिए यह सबसे बेहतर आहार हो सकता है। सामान्यतौर पर ओमेगा-3 फैटी एसिड मछलियों में पाया जाता है। 

--------------
स्रोत और संदर्भ: 
Effects of Walnut Consumption for 2 Years on Lipoprotein Subclasses Among Healthy Elders: Findings From the WAHA Randomized Controlled Trial

अस्वीकरण नोट: यह लेख अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के मुख्य जर्नल 'सर्कुलेशन' में प्रकाशित अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें