प्रोस्टेट कैंसर, वैश्विक स्तर पर पुरुषों में होने वाला सबसे आम प्रकार का कैंसर है। पिछले एक दशक में इसके मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। भारत में सभी प्रकार के कैंसर के तीन प्रतिशत मामले अकेले प्रोस्टेट कैंसर के हैं। हर साल देश में अनुमानित 50 हजार नए मामले रिपोर्ट किए जाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अधिकतर मामलों में कैंसर का निदान उन्नत चरणों में हो पाता है जहां से रोग का इलाज हो पाना और रोगी की जान बचा पाना कठिन हो जाता है।
हालिया अध्ययन में प्रोस्टेट कैंसर को लेकर डराने वाले आंकड़े सामने आए हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि दुनियाभर में प्रोस्टेट कैंसर के मामले दोगुने से अधिक होने का अनुमान है, जो निश्चित ही बड़ा स्वास्थ्य संकट हो सकता है।
साल 2020 से 2040 के बीच इस कैंसर के कारण होने वाली मौतों में 85 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की आशंका जताई गई है। इससे स्वास्थ्य पर बड़ा दबाव हो सकता है। पुरुषों में ये रोग, कैंसर से होने वाली मौतों का भी प्रमुख कारण है।