शरीर को स्वस्थ रखने के लिए दुनियाभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अपनी डाइट में सुधार करने की सलाह देते हैं। हम क्या खाते हैं और कब खाते, इसका सेहत पर सीधा असर होता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को हमेशा ऐसी डाइट लेने की सलाह देते हैं, जिससे जिससे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति आसानी से हो सके।
हालांकि जिस तरह से बच्चों से लेकर वयस्कों तक में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स की आदत बढ़ती जा रही है, इसे लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ काफी चिंतित हैं। पैकेट में मिलने वाले चिप्स, इंस्टेंट नूडल्स, पैकेज्ड स्नैक्स, कुछ रेडी-टू-ईट चीजें रोजमर्रा की डाइट का हिस्सा बन गई हैं। इन्हें खाना आसान होता है, स्वाद भी अच्छा लगता है। हालांकि इन चीजों का लगातार सेवन सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला हो सकता है।
अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स को अध्ययनों में मोटापा से लेकर डायबिटीज और हृदय रोगों से लेकर कैंसर तक के खतरे को बढ़ाने वाला पाया गया है।