अगर आप भी केक, कुकीज और टॉफी के शौकीन हैं तो अगली बार इसे खाने से पहले इसमें इस्तेमाल की जाने वाली चीजों के बारे में जान लीजिएगा। इस तरह के खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली कई चीजों के दुष्प्रभावों को लेकर अक्सर खबरें सामने आती रही हैं।
इसी क्रम में अब
यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने रेड डाई नं. 3 नाम के एक सिंथेटिक रंग के इस्तेमाल को बैन कर दिया है। संयुक्त राज्य अमेरिका में लंबे समय से कई खाद्य पदार्थों (जैसे कैंडी और रंगीन पेय पदार्थों के साथ कुछ दवाओं) को कलर देने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता रहा है।
एजेंसी ने इसी हफ्ते एक घोषणा करते हुए कहा कि कई स्तर पर किए गए अध्ययनों में रेड डाई नं. 3 के कारण पशुओं में कैंसर विकसित होने के मामले देखे गए हैं, चूंकि बड़े स्तर पर खाद्य पदार्थों में भी इसका इस्तेमाल किया जाता रहा है जिसके गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इन खतरों को देखते हुए इसे बैन करने का निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2022 में दायर याचिकाओं में खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली चीजों के संभावित कैंसर जोखिमों को लेकर चिंता जताई गई थी, जिसपर लंबे समय से काम होता आ रहा है। यह कदम भी उसी का हिस्सा है।