भारत के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम है, जिसमें देश-विदेश से लोग संगम में स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। महाकुंभ के पहले अमृत स्नान में मंगलवार को 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। 26 फरवरी तक ये आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटकों का संगम स्थली पर एकत्र होना जितना भव्य दृश्य होगा, उतना ही स्वास्थ्य की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
जनवरी-फरवरी में कड़ाके की ठंड हो रही है। संगम किनारे तापमान अधिक कम होता है और प्रात:काल यहां स्नान करना कई तरह से स्वास्थ्य के लिए समस्या बन सकता है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर कुंभ मेले में हृदयाघात से मृत्यु होने की अफवाह भी फैली हुई हैं। इतनी बड़ी भीड़ के बीच स्वास्थ्य समस्याएं होना आम बात है। महाकुंभ का अनुभव अद्भुत हो सकता है, लेकिन अपनी सेहत का ख्याल रखना सबसे जरूरी है।
सही तैयारी और सतर्कता से आप इसे यादगार और सुरक्षित बना सकते हैं। ऐसे में यदि आप महाकुंभ में जा रहे हैं, तो संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जान कर उनके बचाव के तरीकों को अपना लें।