डायबिटीज, गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसका साल-दर-साल वैश्विक जोखिम काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। वैज्ञानिकों ने चिंता जताई है कि जिस गति से पिछले कुछ वर्षों में इस रोग के मामले बढ़ते हुए देखे गए हैं, ऐसे में आशंका है कि साल 2050 तक दुनियाभर में रोगियों की संख्या 130 करोड़ से अधिक हो सकती है। आनुवांशिकता के साथ-साथ लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण टाइप-2 डायबिटीज होने का खतरा बढ़ता जा रहा है, ऐसे में सभी लोगों को इस रोग से बचाव के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
डायबिटीज की समस्या में लंबे समय से यह सवाल रहा है कि क्या इसे पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है? ज्यादातर वैज्ञानिकों का कहना है कि एक बार डायबिटीज हो जाने के बाद इसके पूरी तरह से ठीक होने की संभावना कम होती है, इलाज और लाइफस्टाइल में बदलाव के माध्यम से इसके लक्षणों और जटिलताओं को बस कम करने के प्रयास किए जा सकते हैं।
आइए जानते हैं कि डायबिटीज रोगियों के लिए विशेषज्ञों की क्या सलाह है?