फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विशेषज्ञ की चेतावनी: यह वेरिएंट ला सकता है कोरोना की तीसरी लहर, कई देशों में तेजी से बढ़े मामले

Thu, 24 Jun 2021 02:12 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
कोरोना की तीसरी लहर (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
Medically Reviewed by-
डॉ अनिल डोंगरे
कोविड ट्रेकिंग प्रभारी
इंदौर, मध्यप्रदेश


कोरोना की दूसरी लहर के बाद पिछले 15 दिनों से देशभर में रोजाना संक्रमण के मामलों में कमी देखी जा रही है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 54069 नए मामले दर्ज किए गए हैं। संक्रमण के कम होते मामलों के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कोरोना की तीसरी लहर के बारे में लोगों को चेताया है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना का डेल्टा वेरिएंट दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है, इसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। डेल्टा वेरिएंट को प्रकृति से काफी खतरनाक माना जा रहा है, देश में इससे संक्रमितों के मामले रिपोर्ट किए जा रहे हैं, ऐसे में इस वेरिएंट को लेकर सभी को विशेष सावधान रहना चाहिए। हमें यह भी मान कर के चलना चाहिए कि देश में तीसरी लहर दस्तक दे रही है, इस समय बरती गई लापरवाही गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।
गुरुवार को कोरोना के डेल्टा प्लस वेरिएंट के कारण होने वाली मौत का पहला मामला भी सामने आया है। इसके अलावा तमाम राज्यों से लगातार डेल्टा वेरिएंट का कारण संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। दुनिया के कई देशों में भी डेल्टा वेरिएंट गंभीर समस्या उत्पन्न कर रहा है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि क्या डेल्टा वेरिएंट और इसके म्यूटेशन को कोरोना की तीसरी लहर का कारण माना जा सकता है?
विज्ञापन

2 of 5
कोरोना वायरस के नए रूप ने बढ़ाई चिंता (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
डेल्टा वेरिएंट बना समस्या का कारण
कोरोना की तीसरी लहर के बारे में चर्चा करने से पहले आइए सबसे पहले जान लेते हैं कि कोरोना का डेल्टा वेरिएंट दुनियाभर में कितनी तेजी से बढ़ता जा रहा है? विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक दुनिया के करीब 85 देशों से डेल्टा वेरिएंट के मामले रिपोर्ट किए गए हैं। कोरोना के अल्फा वेरिएंट की तुलना में डेल्टा वेरिएंट ज्यादा संक्रामक हो सकता है। इस बीच ब्रिटेन में डेल्टा वेरिएंट के कारण पिछले 24 घंटे में कोरोना के मामलों में 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं अमेरिका स्थित व्हाइट हाउस के मुख्य चिकित्सा सलाहकार डॉक्टर एंथोनी फौसी ने चेतावनी दी है कि डेल्टा वेरिएंट, कोविड-19 महामारी से निपटने के अमेरिका के प्रयासों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है।
विज्ञापन

3 of 5
डेल्टा प्लस वेरिएंट उत्पन्न कर सकता है गंभीर समस्या (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Pixabay
क्या डेल्टा प्लस वेरिएंट के कारण आएगी तीसरी लहर?
भारत में कोरोनावायरस की दूसरी लहर के लिए डेल्टा वेरिएंट को मुख्य कारण माना गया था। इस वेरिएंट में म्यूटेशन के साथ सामने आए डेल्टा प्लस वेरिएंट को विशेषज्ञ और भी खतरनाक मान रहे हैं। अमर उजाला से बातचीत में कोविड ट्रैकिंग प्रभारी डॉ अनिल डोंगर कहते हैं, संभावित तीसरी लहर के लिए डेल्टा प्लस वेरिएंट को कारक के रूप में देखा जा सकता है। कई राज्यों में इससे संबंधित मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसे तीसरी लहर के दस्तक के रूप में लेकर लोगों को अलर्ट होने की जरूरत है। बचाव के उपायों को प्रयोग में लाकर ही इससे सुरक्षित रहा जा सकता है।

4 of 5
डेल्टा प्लस वेरिएंट है वेरिएंट ऑफ कंसर्न - फोटो : ANI
'वेरिएंट ऑफ कंसर्न' है कोरोना का यह नया रूप
कोरोना के डेल्टा प्लस वेरिएंट की संक्रामकता और इसकी प्रकृति को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे 'वेरिएंट ऑफ कंसर्न' के रूप में वर्गीकृत कर दिया है। इसका मतलब है कि यह वेरिएंट ज्यादा संक्रामक हो सकता है साथ ही शरीर में बनी एंटीबॉडीज को भी चकमा दे सकता है। सरकार की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि देश में इस वेरिएंट के कारण संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र, केरल और मध्य प्रदेश से इसके मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों (विशेषकर इन तीन राज्यों) के मुख्य सचिवों को संक्रमण के तत्काल रोकथाम के उपाय करने की सलाह दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
वैक्सीन दे सकती है डेल्टा वेरिएंट से सुरक्षा - फोटो : pixabay
तीसरी लहर से कैसे रहें सुरक्षित?
डॉ अनिल बताते हैं, दूसरी लहर के दौरान देश में कई ऐसे लोगों में भी यूके वेरिएंट्स के मामले सामने आए थे जो कभी यूके गए ही नहीं। ऐसे में डेल्टा वेरिएंट् से हमें काफी सावधान रहने की जरूरत है। लोगों को बचाव के सभी उपायों को निरंतर प्रयोग में लाते रहना चाहिए। जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है संभव है कि उनमें इसका ज्यादा असर देखने को न मिले, हालांकि अन्य लोगों में इसका खतरा ज्यादा हो सकता है। कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए सभी जरूरी उपायों को लगातार प्रयोग में लाते रहना चाहिए। सभी लोगों को टीकाकरण जरूर कराना चाहिए। कोरोना से बचाव ही आपको तीसरी लहर से सुरक्षा दे सकता है।

--------------------
नोट: यह लेख तमाम अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टस और इंदौर में कोविड ट्रैकिंग प्रभारी, डॉ अनिल डोंगरे से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें