फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Omicron Symptoms: संक्रमितों को हो रही है पेट की यह समस्या, डेल्टा से बिल्कुल अलग लक्षण भी सामने आए

Thu, 13 Jan 2022 01:58 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
कोरोना संक्रमण के नए लक्षण - फोटो : Pixabay
दुनियाभर के लिए कोरोना का ओमिक्रॉन वेरिएंट इस समय बड़ी मुसीबतों का कारण बना हुआ है। इस वेरिएंट की संक्रामकता की दर काफी अधिक बताई जाती है, यही कारण है कि दुनियाभर के वैज्ञानिक इसके प्रसार को रोकने वाले उपायों की खोज करने में लगे हुए हैं। कोरोना वायरस के मूलरूप से अलग इस वेरिएंट में 35 से अधिक म्यूटेशनों के बारे में पता चला है जो इसे वैक्सीन से शरीर में बनीं प्रतिरक्षा को भी आसानी से चकमा देने के योग्य बनाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना के इस खतरे से बचे रहने के लिए सभी लोगों को लगातार बचाव के उपाय करते रहने चाहिए।

कोरोना के इस वेरिएंट से संक्रमण की स्थिति में रोगियों में कुछ विशेष लक्षणों के बारे में भी पता चला है। डेल्टा वेरिएंट में लोगों को स्वाद और गंध जाने की समस्या अधिक हो रही थी, हालांकि ओमिक्रॉन के संक्रमण में इस तरह के लक्षण कम ही देखे जा रहे हैं। इस बार लोगों को गले में खरोंच और रात में पसीना आने की समस्या अधिक हो रही है। इसके अलावा कुछ रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि ओमिक्रॉन से संक्रमित कुछ लोगों को पेट से संबंधित समस्याएं भी हो रही हैं, इस तरह के मामले डेल्टा संक्रमण के दौरान नहीं देखे गए थे। आइए आगे की स्लाइडों में ओमिक्रॉन संक्रमण के दौरान पेट से संबंधित लक्षणों के बारे में विस्तार से जानते हैं। 
विज्ञापन

2 of 5
ओमिक्रॉन का बढ़ता संक्रमण - फोटो : iStock
संक्रमितों में हो सकते हैं कई तरह के लक्षण
अमेरिका स्थित सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (सीडीसी) ने एक रिपोर्ट में बताया कि कोरोना संक्रमितों में लक्षणों की एक विस्तृत श्रृंखला हो सकती है। इसके बारे में विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है। ओमिक्रॉन संक्रमण के कारण रोग के मामले भले ही हल्के देखे जा रहे हैं, फिर भी इसको लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। कई लोगों में यह वेरिएंट भी गंभीर स्थितियों का कारण बन सकता है। कुछ रोगियों में संक्रमण के दौरान डायरिया के लक्षण भी देखने को मिले हैं, डेल्टा संक्रमण के समय में यह लक्षण असामान्य माने जाते थे।
विज्ञापन

3 of 5
संक्रमितों में दस्त के लक्षण - फोटो : istock
संक्रमितों को दस्त और पेट की समस्या
एक हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि ओमिक्रॉन संक्रमितों को दस्त की समस्या हो रही है। एनबीसी शिकागो की रिपोर्ट में बताया गया है कि जिन लोगों की इम्युनिटी कमजोर है, उनमें इस तरह की समस्या अधिक देखी जा रही है। जॉन हॉपकिन्स मेडिसिन की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना से संक्रमित 20 फीसदी लोगों को डायरिया के लक्षणों का अनुभव हो सकता है। यहां ध्यान रखने वाली बात यह है कि हमें सिर्फ  थकान, सांस लेने में समस्या, मांसपेशियों और शरीर में दर्द या गले में खराश को ही कोरोना का लक्षण मानकर नहीं चलना चाहिए। इसके अन्य लक्षणों के बारे में भी लोगों को विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है।

4 of 5
कोरोना के लक्षणों को लेकर रहें सावधान - फोटो : iStock
ओमिक्रॉन संक्रमितों को हो रही हैं कई तरह की दिक्कतें
इससे पहले जो-कोविड के अध्ययन के आधार पर वैज्ञानिकों ने ओमिक्रॉन वेरिएंट के कुछ लक्षणों के बारे में बताया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि नाक बहना, सिरदर्द, थकान, छींक आना और गले में खराश की समस्या अब भी कोरोना के शीर्ष पांच लक्षण हैं। वहीं ओमिक्रॉन के संक्रमण की स्थिति में लोगों को गले में खरोंच के साथ दर्द और रात के समय अधिक पसीना आने की समस्या हो रही है। वैज्ञानिकों ने आगाह करते हुए बताया था कि कोरोना का ओमिक्रॉन वेरिएंट किसी को भी संक्रमित कर सकता है, ऐसे में इससे बचाव के लिए लोगों को पहले से अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
कोरोना के लक्षणों को न करें अनदेखा - फोटो : iStock
लैंसेट के अध्ययन में क्या पता चला?
वहीं कोविड के लक्षणों के बारे में अध्ययन कर रही वैज्ञानिकों की एक टीम ने कुछ अन्य संकेतों को लेकर भी लोगों को सतर्कता बरतते रहने की सलाह दी है। लैंसेट मेडिकल जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, कोरोना संक्रमित 24 प्रतिशत रोगियों को भूख न लगने, 18 फीसदी रोगियों को मतली-एसिड रिफ्लक्स और 14 फीसदी लोगों को पेट में सूजन जैसी दिक्कतें भी हो रही हैं। कुछ रोगियों को बीमारी से ठीक होने के बाद भी इस तरह के लक्षण बने रहने की समस्या हो रही है। फिलहाल हमें यह देखते हुए चलना होगा कि कोरोना वायरस शरीर के कई अंगों को प्रभावित कर सकता है, उसके आधार पर इसके लक्षण भी भिन्न-भिन्न हो सकते हैं। 


----------------
स्रोत और संदर्भ
most common signs of Omicron symptoms

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें