फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़ी कामयाबी: इन दवाओं के संयोजन से कम हो सकती है कोरोना संक्रमण की गंभीरता, वैज्ञानिकों का दावा

Fri, 01 Oct 2021 02:36 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
कोरोना का दवा (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : iStock
कोरोनावायरस संक्रमण से सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक प्रभावी वैक्सीन और दवाइयों के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। कुछ दवाइयों पर किए गए अध्ययनों में संक्रमण की रोकथाम के अच्छे संकेत भी मिले हैं। इस बीच कोरोना से बचाव के लिए दवाइयों के निर्माण में लगी वैज्ञानिकों की एक टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। अध्ययनकर्ताओं ने कोरोनावायरस संक्रमण के खिलाफ नए दवाओं के संयोजन के असरदार साबित होने का दावा किया है। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि दो एंटीवायरल ड्रग्स नेफामोस्टैट और पेगासिस के संयोजन से सार्स-सीओवी-2 वायरस से होने वाले संक्रमण को कम करने में मदद मिल सकती है, जिससे कोविड-19 के खतरे को कम किया जा सकता है।

अध्ययन से प्राप्त परिणाम के आधार पर वैज्ञानिकों का मानना है कि कोरोना के रोगियों को अगर समय रहते उचित मात्रा में इन दवाओं का संयोजन दिया जाए तो बीमारी को गंभीर रूप लेने से रोका जा सकता है। यह दवाएं शरीर में कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने में कारगर साबित हुई हैं। आइए आगे की स्लाइडों में इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं। 
 
विज्ञापन

2 of 5
कोरोना की दवा पर अध्ययन - फोटो : iStock
दवाओं के संयोजन के दिखे अच्छे परिणाम
जर्नल वाइरस में प्रकाशित प्रारंभिक परीक्षण के परिणाम में पाया गया कि एंटीवायरल ड्रग्स नेफामोस्टैट और पेगासिस कोरोना संक्रमण की गंभीरता को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। नॉर्वेजियन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (एनटीएनयू) के प्रोफेसर डेनिस कैनोव ने कहते हैं, अध्ययन में इन दवाओं के संयोजन के इस्तेमाल के अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। इन दवाओं का प्रभाविकता और असर को जानने के लिए सेल कल्चर और हैम्स्टर्स में अध्ययन किए गए हैं। इस आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि यह संयोजन मनुष्यों पर कितना असरदार होगा, इस बारे में स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है, हालांकि इससे कोरोना की प्रभावी दवा बनाने की दिशा में एक रास्ता जरूर साफ होता है। 
विज्ञापन

3 of 5
वायरस को शरीर में बढ़ने से रोकेगी यह दवा - फोटो : Pixabay
वायरल प्रतिकृति रोक देगी यह दवा
एनटीएनयू के प्रोफेसर मैग्नर बोजोरस बताते हैं, अध्ययन में पाया कि नेफामोस्टैट और पेगासिस, दोनों दवाएं शरीर में वायरल प्रतिकृति को बनाने से रोकने में मदद कर सकती हैं। यह दवाएं कोशिकाओं में TMPRSS2 नामक एक कारक पर हमला करती हैं, जो वायरस को बढ़ाने में सहायक हो मानी जाती है। इस तरह से संक्रमण के बाद वायरल लोड को इन दवाओं से आसानी से कम किया जा सकेगा।
इस अध्ययन के परिणाम को इसलिए भी ज्यादा खास माना जा रहा है क्योंकि कोरोना संक्रमण में नेफामोस्टैट दवा के प्रभाव को जानने के लिए वैज्ञानिकों की एक टीम पहले से ही अध्ययन कर रही थी। फिलहाल इस दवा को कोविड-19 रोगियों में मोनोथेरेपी के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है, वहीं जापान सहित कई अन्य देशों में इस दवा के प्रभाव को जानने के लिए शोध जारी हैं। 
 

4 of 5
कोरोना का दवा (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : PTI
दवा के डोज को ध्यान में रखना महत्वपूर्ण
अध्ययन के बारे में एनटीएनयू के डॉक्टरेट रिसर्च फेलो अलेक्सांद्र इनेव्स्की कहते हैं, इन दवाओं की मात्रा को ध्यान में रखना बहुत आवश्यक होगा। फिलहाल जो परिणाम सामने आए हैं उसके आधार पर कहा जा सकता है कि रोगियों के लिए बेहतर परिणाम प्राप्त करने और किसी प्रकार के जोखिम से बचे रहने के लिए दवा के संयोजन की लो डोज ज्यादा असरदार हो सकती है। अगर उचित मात्रा में इन दवाओं के संयोजन को प्रयोग में लाया जाए तो इससे कोरोना संक्रमित की जान बचाई जा सकती है। इनेव्स्की कहते हैं नेफामोस्टैट अपेक्षाकृत सस्ती दवा है, जबकि  पेगासिस का नकारात्मक पक्ष इसकी उच्च लागत है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
कोरोना संक्रमण के लिए दवा (सांकेतिक) - फोटो : Pixabay
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
अध्ययन के लेखकों का कहना है कि कोरोना वायरस के नए वैरिएंट्स तेजी से बढ़ रहे हैं, कई वैरिएंट्स टीके/प्रतिरक्षा को आसानी से चकमा देने में सफल भी हो जा रहे हैं। ऐसे में हमें कोरोना संक्रमण के खतरे से लोगों को बचाने के लिए अधिक प्रभावी उपायों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इस अध्ययन से प्राप्त परिणाम मौजूदा महामारी और भविष्य में कोरोनावायरस के प्रकोप के लिए एक सक्रिय समाधान प्रदान कर सकता है, जिसकी दुनिया के कई हिस्सों में तत्काल आवश्यकता है। इन दवाओं के संयोजन और इनकी डोज का ध्यान रखना बहुत आवश्यक होगा। 



------------------
स्रोत और संदर्भ: 
Nafamostat–Interferon-α Combination Suppresses SARS-CoV-2 Infection In Vitro and In Vivo by Cooperatively Targeting Host TMPRSS2

अस्वीकरण: अमर उजाला के  हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें