कैंसर दुनियाभर में होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में से एक है। लगभग सभी उम्र वालों में इसका खतरा देखा जाता रहा है। महिलाओं में ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर के मामले सबसे कॉमन हैं, जबकि पुरुषों में लंग्स और प्रोस्टेट कैंसर के मामले सबसे ज्यादा रिपोर्ट किए जाते रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारियों के मुताबिक कैंसर के कारण साल 2022 में आठ लाख लोगों की जान गई। पिछले साल 14.61 लाख से अधिक लोगों में कैंसर का पता चला, 2020 जुलाई से 2023 तक में 69,000 मामलों में वृद्धि हुई है।
कैंसर के जोखिमों को लेकर जारी एक हालिया रिपोर्ट में वैज्ञानिकों की टीम ने कहा, यदि समय पर स्क्रीनिंग और निदान में तेजी लाई गई होती तो देश में महिलाओं में कैंसर से संबंधित 63% मौतों को रोका जा सकता था। गौरतलब है कि कैंसर का जितनी शीघ्रता से निदान होता है, जान बचने की संभावना उतनी बढ़ जाती है।