करीब दो साल के भयंकर प्रकोप के बाद दुनियाभर में फिलहाल कोरोना संक्रमण के मामले कम होते दिख रहे हैं। भारत सहित तमाम देशों में रोजाना संक्रमण के केस पहले की तुलना में काफी कम रिपोर्ट हो रहे हैं। वैसे तो दुनिया अभी इस गंभीर महामारी से पूरी तरह बाहर भी नहीं आ पाई थी, कि कनाडा में तपेदिक (टीबी) के आउटब्रेक की खबरें सामने आ रही हैं। पिछले दिनों टीबी के 13 मामले सामने आने के बाद कनाडा में अधिकारियों ने उत्तरी सास्काचेवान प्रांत में टीबी आउटब्रेक की घोषणा कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक टीबी संक्रमितों के संपर्क में करीब 150 लोगों के आने की सूचना है, इसी को देखते हुए लोगों को विशेष सावधान रहने के लिए कहा गया है।
टीबी, एक गंभीर श्वसन रोग है जो फेफड़ों को प्रभावित करता है और जीवाणु संक्रमण से फैलता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक चूंकि टीबी संक्रामक रोग है, ऐसे में इससे लोगों को विशेष बचाव की आवश्यकता होती है। कनाडा में टीबी आउटब्रेक की खबरें सामने आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है।