एनीमिया, वैश्विक स्तर पर होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, रिपोर्ट्स से पता चलता है कि भारतीय महिलाओं में इसका खतरा अधिक देखा जाता रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, यह भारत में 15 से 49 वर्ष की आयु की 57% महिलाओं और छह महीने से 59 महीने के बीच के 67% बच्चों को प्रभावित करती है। एनीमिया की लंबे समय तक बनी रहने वाली समस्या के कारण गंभीर स्वास्थ्य जोखिम भी हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार में आयरन और फोलेट वाली चीजों की कमी से इस समस्या का खतरा हो सकता है, इसके अलावा कुछ बीमारियां भी आपमें एनीमिया के जोखिमों को बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
एनीमिया, शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं या हीमोग्लोबिन की कमी की समस्या है, ये कोशिकाएं ऊतकों तक ऑक्सीजन ले जाने के लिए आवश्यक मानी जाती हैं। हीमोग्लोबिन, लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला एक प्रोटीन है, इसकी कमी होने से कई प्रकार के स्वास्थ्य जोखिमों का खतरा बढ़ सकता है। आहार को ठीक रखकर, भोजन में पौष्टिक चीजों को शामिल करने से एनीमिया से बचाव की जा सकती है।