भारतीय सेना ने गुरुवार को उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में उड़ी के हाथलंगा वन क्षेत्र में तीन आतंकियों को मार गिराने में सफलता पाई। मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। आतंकियों के खात्मे के साथ ही घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश नाकाम कर दी गई है। सेना के श्रीनगर स्थित 15 कोर मुख्यालय में 15 कोर के लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडेय ने कहा कि 18 सितंबर के बाद गुरुवार को आतंकी घुसपैठ की दूसरी कोशिश की गई थी।
बताया कि गुरुवार सुबह सतर्क सैनिकों ने उड़ी सेक्टर में घुसपैठियों के एक समूह को देखा। मोर्चा संभालते हुए सेना ने तीन आतंकवादी मार गिराए। सेना के उड़ी स्थित कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि मारे गए तीन आतंकियों के पास भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और पैसा था। जिसमें पांच एके-47 राइफल, सात पिस्टल, 5-एके राइफल की मैगजीन, 24 यूबीजीएल ग्रेनेड, 38 चीनी ग्रेनेड, सात पाकिस्तान निर्मित ग्रेनेड, 35,000 रुपये (भारतीय मुद्रा), 10,300 रुपये (पाकिस्तानी मुद्रा) और कुछ खाद्य पदार्थ शामिल हैं।