आतंकवादियों द्वारा नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हालिया हमलों के बाद कश्मीर संभाग से विभिन्न राज्यों के श्रमिक अपने घरों की रवाना हो रहे हैं। बातचीत के दौरान एक नागरिक ने कहा कि कश्मीर के स्थानीय लोग बहुत अच्छे हैं, लेकिन आतंकी पूरे धर्म को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। अनुच्छेद-370 के हटने और विकास कार्यों के चलते आतंकियों में बौखलाहट है। इसी वजह से वो लोगों पर हमला कर रहे हैं। स्थानीय लोगों को चाहिए कि धर्म और इंसानियत की रक्षा के लिए आतंकियों के खिलाफ मोर्चा खोलें।
बारामुला से वापस अपने घर जा रहे अन्य राज्यों के नागरिकों का कहना है कि रविवार को हुए आतंकी हमले से पहले हमें लग रहा था कि शायद हालात सुधरेंगे, लेकिन इस घटना के बाद अब डर सताने लगा है। अगर जिंदा रहेंगे तो कहीं भी जाकर पैसा कमा लेंगे। हालातों को देखते हुए हम लोगों ने लौटने का फैसला किया है। जम्मू जाकर ट्रेन पकड़ेंगे और अपने घर चले जाएंगे।