पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पूर्व विधायकों सहित अपनी पार्टी के नेताओं के सरकारी आवास कथित तौर पर जबर्दस्ती खाली कराने के फैसले के खिलाफ रविवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। महबूबा ने आरोप लगाया कि प्रशासन चुनिंदा तरीके से पीडीपी नेताओं को निशाना बना रहा है और उन्हें बिना कोई वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए श्रीनगर में उनके सरकारी आवास खाली करा लिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि अगर उनके पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता या अन्य किसी के साथ कुछ भी अनहोनी होती है तो वह उपराज्यपाल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराएंगी। महबूबा ने सिन्हा को संबोधित एक पत्र में कहा, प्रशासन जिस तरह से पीडीपी नेताओं और पूर्व विधायकों को चुनिंदा तरीके से निशाना बना रहा है, उससे मैं बहुत चिंतित हूं। ऐसे समय में जब आतंकवाद फिर से बढ़ रहा है, उन्हें बिना कोई वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए श्रीनगर में अपने सरकारी आवास खाली करने के लिए कहा गया है।