कुपवाड़ा में भारी बारिश के बाद नवा बाजार खुमरियाल में बाढ़ आ गई है। एक पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। उधर, किश्तवाड़ में एक बार फिर से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। जिसकी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है।
किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद तीसरे दिन शुक्रवार सुबह एक बार फिर से पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया था लेकिन बारिश के चलते इसे रोकना पड़ा। लापता 19 लोगों का अभी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पांच किलोमीटर तक कई-कई फीट ऊंचा मलबा और पत्थरों का ढेर जमा है। लगभग एक हजार कनाल खेत की मिट्टी पूरी तरह बह गई है।
मचैल माता इलाके में 100 से अधिक यात्री व स्थानीय लोग पुल क्षतिग्रस्त होने की वजह से फंसे हुए हैं। इनसे संपर्क कर सुरक्षित वापस लाने की प्रशासन कोशिश कर रहा है। घटना में बचाए गए पांच लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। गौरतलब है कि बुधवार को दच्छन क्षेत्र के होंजड़ गांव में बादल फटने से सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 19 लोग लापता हैं।