जम्मू-कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। जम्मू संभाग के साथ ही कश्मीर संभाग के लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में कश्मीर के बारामुला में जम्मू और कश्मीर साइक्लिंग एसोसिएशन (जेकेसीए) के सहयोग से डैगर डिवीजन के तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को बारामुला से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जोकि 75 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कमान पोस्ट, उड़ी में समाप्त हुई। इस कार्यक्रम को कश्मीर घाटी के विभिन्न हिस्सों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली।
जम्मू और कश्मीर साइक्लिंग एसोसिएशन (जेकेसीए), एमटीबी कश्मीर, प्रो साइक्लिंग क्लब कश्मीर जैसे प्रमुख साइक्लिंग क्लबों के सदस्यों ने इस आयोजन में अपनी छाप छोड़ी। साइकिलिंग अभियान ने भारतीय सेना और युवाओं के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य को हासिल किया। इस आयोजन ने युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया।