श्रीनगर शहर में शुक्रवार को ब्लैक-डे के अवसर पर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। इस अवसर पर शहर के चौक-चौराहों पर होर्डिंग लगाए गए, जिसमें ब्लैक-डे के संबंध में जानकारी दी गई है। 22 अक्तूबर, 1947 को पाकिस्तान की ओर से कश्मीर में किए गए कबाइली हमले के विरोध में जेके वर्कर्स पार्टी के अध्यक्ष एवं सेंटर फॉर इंक्लूसिव एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट (सीआईएसडी) के चेयरमैन जुनैद मीर की अगुवाई में रोष रैली निकाली गई। यह रैली एसकेआईसी से रॉयल स्प्रिंग गोल्फ कोर्स तक गई। रैली में शामिल युवाओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद, गुंडागर्दी नहीं चलेगी के नारे लगाए।
जुनैद मीर ने कहा कि इस दिन पाकिस्तान ने यहां कबाइलियों को आतंकी के रूप में भेज कर दहशत फैलाई और यहां के लोगों के हाथों में बंदूक थमा दी, आज इसके विरोध में हर कश्मीरी नागरिक खड़ा है। हाल ही में पाकिस्तान के इशारे पर आतंकियों द्वारा की गई बेगुनाहों की हत्याओं की निंदा की।