देश के गृह मंत्री अमित शाह पुलवामा जिले के लेथपोरा में सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। गृह मंत्री अमित शाह और एलजी मनोज सिन्हा ने सीआरपीएफ जवानों के साथ डिनर किया। गृह मंत्री आज रात कैंप में रहेंगे।
अमित शाह ने कहा कि आतंकवाद मानवता के खिलाफ है और हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते। मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। एक समय था जब कश्मीर में पथराव होता था। आज ऐसी घटनाओं की संख्या में काफी कमी आई है।
जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा आयुष्मान भारत योजना का आप सभी लाभ लें। जवानों को दो कार्ड मिलेंगे, जिसमें से एक कार्ड वो अपने पास रखें और दूसरा परिवार को दें। आपका और आपके परिवार का ध्यान रखना भारत सरकार का दायित्व है। सीआरपीएफ के सभी सेक्टरों में आपने मोर्चा संभाला है। देश की सुरक्षा में लगे सभी बलों के जवानों के साथ रहने का मौका मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
कहा कि देश में कहीं भी चुनाव या दंगे होते हैं तो संबंधित राज्य के मुख्यमंत्री मांग करते हैं कि उन्हें सीआरपीएफ के जवान उपलब्ध कराए जाएं। ये आपकी सेवा और समर्पण का फल है। मैं आप सभी के बीच आकर बहुत प्रसन्न हूं। मैं शहीदों को सरकार और अपनी ओर से श्रद्धांजलि देता हूं।