श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में सोमवार को मत्था टेका। इसके साथ ही उन्होंने सेना, नागरिक प्रशासन, पुलिस और श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाबा बर्फीनी की पूजा की। भगवान शिव का दिव्य आशीर्वाद सभी के जीवन में अच्छा स्वास्थ्य और खुशी सुनिश्चित करे और चल रहे स्वास्थ्य संकट से हमें उबरने की शक्ति प्रदान करे, ऐसी उप-राज्यपाल ने प्रार्थना की।
उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि वार्षिक तीर्थयात्रा जम्मू-कश्मीर के अद्भुत सांस्कृतिक समन्वय की परंपरा की गवाही देती है। लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण स्थिति को देखते हुए श्री अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी गई है। हालांकि, भक्तों की भावनाओं का सम्मान करते हुए, श्राइन बोर्ड ने पवित्र गुफा से सुबह और शाम की आरती के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की है। इसके अलावा सभी पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान पवित्र गुफा मंदिर में किए जाएंगे।