जम्मू-कश्मीर के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। जम्मू संभाग के कुछ जिलों में मंगलवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले कुछ दिन से निरंतर हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है। हालांकि उमस परेशान कर रही है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। जम्मू में मंगलवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दोपहर को तेज धूप से गर्मी का अहसास हुआ। दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 67 रहने से उमस ने भी परेशान किया। जम्मू में सोमवार रात 83.0 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे अभी तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो रही है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 34.7 और सोमवार रात का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, पुंछ जिला के कई हिस्सों में मंगलवार को दोपहर बाद तेज बारिश हुई।