फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: सीधी सड़क हादसे में 14 की मौत, शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने कहा- रूस से संबंध खत्म नहीं करेगा भारत

Sat, 25 Feb 2023 08:01 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
दिन की प्रमुख खबरें - फोटो : Amar Ujala Top News
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में बीती रात ट्रक की टक्कर से तीन बसें पलट गईं। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 लोग घायल हुए हैं। वहीं, शीर्ष अमेरिकी राजयनिक डोनाल्ड लू ने कहा है कि अमेरिका को नहीं लगता है कि भारत जल्द ही रूस के साथ संबंध समाप्त करने जा रहा है, लेकिन अमेरिका आशा करता है कि भारत यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए रूस के साथ अपने प्रभाव का इस्तेमाल करेगा। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तालकटोरा स्टेडियम में बरिसु कन्नड़ दिम दिमावा सांस्कृतिक उत्सव का उद्घाटन करेंगे। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
विज्ञापन

सीधी में सड़क हादसे में 14 की मौत

2 of 11
सीधी हादसा - फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार रात ट्रक की टक्कर से तीन बसें पलट गईं। बताया जा रहा है कि हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है। रीवा के एसपी मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 50 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 15-20 लोगों की हालत गंभीर है। वहीं, हादसे के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। इसके बाद सीएम शिवराज ने हादसे में मरने वालों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी दी जाएगी। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

अमेरिका ने कहा- रूस से संबंध खत्म नहीं करेगा भारत

3 of 11
Donald Lu - फोटो : ANI
दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर भारत के रुख पर अमेरिकी दृष्टिकोण व्यक्त किया। शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका को नहीं लगता है कि भारत जल्द ही रूस के साथ संबंध समाप्त करने जा रहा है, लेकिन अमेरिका आशा करता है कि भारत यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए रूस के साथ अपने प्रभाव का इस्तेमाल करेगा। पढ़ें पूरी खबर...

पीएम मोदी आज करेंगे बरिसु कन्नड़ दिम दिमावा सांस्कृतिक उत्सव का उद्घाटन

4 of 11
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम पांच बजे तालकटोरा स्टेडियम में बरिसु कन्नड़ दिम दिमावा सांस्कृतिक उत्सव का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, पीएम इस मौके पर सभा को भी संबोधित करेंगे। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में सैकड़ों कलाकारों को नृत्य, संगीत, नाटक, कविता, इत्यादि के माध्यम से कर्नाटक की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

निर्मला सीतारमण ने बहुपक्षीय समन्वय की जरूरत पर दिया जोर

5 of 11
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण। - फोटो : Twitter@FinMinIndia
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को जी-20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। बैठक को संबोधित करते हुए सीतारमण ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। निर्मला सीतारमण ने कई विकासशील देशों की कर्ज को लेकर नाजुक होती स्थिति का मुद्दा उठाया और इस कर्ज से निपटने के लिए बहुपक्षीय समन्वय के बारे में जी-20 के सदस्य देशों से विचार आमंत्रित किए। साथ ही उन्होंने क्रिप्टोकरेंसी को लेकर एक समन्वित वैश्विक नीति बनाने में जी-20 देशों के समर्थन का स्वागत किया। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

FATF ने रद्द की रूस की सदस्यता

6 of 11
FATF - फोटो : ANI
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) ने यूक्रेन के खिलाफ 'अवैध, अकारण और अनुचित' युद्ध छेड़ने के लिए रूस की सदस्यता को रद्द कर दिया। एफएटीएफ ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी है। बयान में कहा गया है कि रूस की कार्रवाई अस्वीकार्य है और एफएटीएफ के मूल सिद्धांतों के विपरीत है। बयान में कहा गया है कि एफएटीएफ का उद्देश्य वैश्विक वित्तीय प्रणाली की सुरक्षा और अखंडता को बढ़ावा देना है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

बंगला घोटाला मामले में ठाकरे परिवार की मुश्किलें बढ़ीं

7 of 11
उद्धव ठाकरे। - फोटो : ANI
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। पार्टी और चुनाव चिह्न छिनने के बाद अब रायगढ़ जिले के अलीबाग में 19 बंगला घोटाला मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। रायगढ़ जिले की रेवदंडा पुलिस ने मामले में ग्राम पंचायत के तत्कालीन सरपंच से लेकर ग्रामसभा के सदस्यों सहित उन लोगों को भी आरोपी बनाया है, जिन्होंने जान बूझकर बंगले का कर वसूलने में शासन को गुमराह किया। पढ़ें पूरी खबर...

भोपाल-उज्जैन पैसेंजर धमाके में आठ आतंकी दोषी करार

8 of 11
(सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : सोशल मीडिया
एनआईए कोर्ट ने भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन धमाके की सािजश में शामिल आठ आरोपियों को दोषी करार दिया है। आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े इन दोषियों की सजा का एलान 27 फरवरी को होगा। विशेष न्यायाधीश विवेकानंद शरण पांडेय ने सजा सुनाए जाने के वक्त दोषियों को कोर्ट में पेश किए जाने का आदेश भी दिया। पढ़ें पूरी खबर...

ममता सरकार ने कर्मचारियों को छह फीसदी डीए देने की घोषणा की 

9 of 11
ममता बनर्जी - फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों और सरकार के बीच महंगाई भत्ते को लेकर चल रही खींचतान के बीच ममता सरकार ने शुक्रवार को छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत कर्मचारियों, पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को मूल वेतन के छह प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता (डीए) देने की अधिसूचना जारी की। डीए में छह प्रतिशत की बढ़ोतरी दिसंबर 2020 में घोषित तीन प्रतिशत वृद्धि (1 जनवरी, 2021 के कार्यान्वयन के लिए) और हाल ही में बजट सत्र के दौरान घोषित तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी को मिलाकर की गई है। पढ़ें पूरी खबर...

इंदौर में पेट्रोल डालकर जलाई गईं प्रिंसिपल विमुक्ता शर्मा की मौत

10 of 11
आरोपी युवक और प्रिंसिपल विमुक्ता शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश में इंदौर जिले के बीएम कालेज आफ इंजीनियरिंग एंड फार्मेसी की प्राचार्य विमुक्ता शर्मा जिंदगी की जंग हार गईं। पांच दिन पहले उन्हें पेट्रोल डालकर जला दिया गया था। जिंदगी और मौत के बीच पांच दिन चले द्वंद के बाद आज तड़के चार बजे चोइथराम अस्पताल में दम तोड़ा। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

5100 पायलट-क्रू की भर्ती करेगी एअर इंडिया

11 of 11
एयर इंडिया - फोटो : Social Media
टाटा समूह की विमानन कंपनी एअर  इंडिया इस साल पायलट समेत 5,100 लोगों को भर्ती करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को कहा, कुल भर्तियों में पायलट की संख्या 900 होगी। वहीं, 4,200 केबिन क्रू को भी नौकरी दी जाएगी। कंपनी ने कहा, मई, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच उसने 1,900 केबिन क्रू की भर्ती की थी। कंपनी ने हाल में 470 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दिया है। वह आगे भी बड़ी संख्या में भर्ती करेगी। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें