फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुर्खियां: टाइगर श्रॉफ पर हमले के 4 और आरोपी पकड़े गए; जियो का मेगा IPO; हरियाणा में उधार पर चल रहा मिड-डे मील

Wed, 21 Oct 2026 05:28 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
1 of 12
देश-दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
त्योहारी सीजन में जियो प्लेटफॉर्म समेत पांच कंपनियों के आईपीओ बाजार में उतरने जा रहे हैं। इनमें जियो का 30,213 करोड़ रुपये का आईपीओ बुधवार को खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगा। उधर, अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया है। दिल्ली में दशहरे के बाद सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है और 24-25 अक्तूबर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादल छाने के साथ बारिश की आशंका है। वहीं, हरियाणा के करीब 12 हजार स्कूलों में मिड-डे मील की 70 करोड़ रुपये की राशि छह महीने से बकाया है, जिसके चलते कई स्कूलों में शिक्षक अपनी जेब से खर्च कर रहे हैं और कुछ जगह उधार लेकर भोजन की व्यवस्था की जा रही है। धार्मिक एकता का संदेश लेकर कन्याकुमारी से शुरू हुई मोरारी बापू की स्वस्तिक रामकथा यात्रा आठ राज्यों से होते हुए जम्मू पहुंच गई है। उधर, विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में एआई से नौकरियां खत्म होने के बजाय करिअर की शुरुआती सीढ़ी पर असर पड़ रहा है और कंपनियों में भर्ती के अवसर संकरे हो रहे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच शांति प्रस्ताव पर इस हफ्ते सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है। प्रस्ताव में छह अरब डॉलर के फ्रीज ईरानी फंड में आंशिक रियायत और परमाणु संयंत्रों के गोपनीय निरीक्षण की बात शामिल है। वहीं, सूडान और दक्षिण सूडान के बीच विवादित अबेई क्षेत्र में बाजार पर हुए ड्रोन हमले में 153 लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ शैलेश पाटिल चाकूरकर की तस्वीर सामने आने के बाद उनकी सक्रिय राजनीति में वापसी की अटकलें तेज हो गई हैं। उधर, दशहरे पर यामी गौतम दिल्ली की रामलीला में शामिल हुईं और रावण दहन किया, जबकि मुंबई में काजोल, जूही चावला और सोहा अली खान समेत कई सितारे दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे। खेल जगत में फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में अस्मिता चालिहा और तन्वी शर्मा ने महिला एकल मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बना ली, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। एक क्लिक में पढ़ें देश-दुनिया की अहम खबरें-
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 12
जियो आईपीओ - फोटो : amarujala.com
जियो का मेगा IPO आज: बाजार में दिवाली तक चार और कंपनियां उतरेंगी; ₹32 हजार करोड़ से अधिक जुटाएंगी तीन कंपनियां
इस त्योहारी सीजन में दलाल स्ट्रीट पर रोशनी और रौनक दोनों दोगुनी होने जा रही हैं। दिवाली से पहले जियो प्लेटफॉर्म समेत पांच आरंभिक सावर्जनिक निर्गम (आईपीओ) बाजार में उतरने को तैयार हैं। जियो समेत इनमें से तीन आईपीओ के जरिये कुल 32 हजार करोड़ से अधिक रुपये जुटाए जाएंगे। इनमें से जियो का 30,213 करोड़ रुपये का मेगा आईपीओ बुधवार को खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगा। आकार के मामले में यह देश का सबसे बड़ा पब्लिक ऑफर माना जा रहा है। कंपनी ने इसके लिए मूल्य दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया है। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन

3 of 12
टाइगर पर हमला मामले में दिल्ली पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया - फोटो : एएनआई
टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच: दो महिलाओं समेत 4 और आरोपी गिरफ्तार, अभिनेता पर गोली चलाने के मामले में कार्रवाई
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच कर रही पुलिस की टीम ने दो महिलाओं समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभिनेता पर गोली चलाने के मामले में दिल्ली पुलिस की टीम ने इस अहम कार्रवाई को अंजाम दिया। चार लोगों को दिल्ली पुलिस की टीम ने गिरफ्तार करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को तीन दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र पुलिस के हवाले किया गया। पढ़ें पूरी खबर 

4 of 12
दिल्ली में कोहरा और ठंड - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली: दशहरा से बढ़ी ठंड, 24-25 अक्तूबर को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से होगी बादलों की आवाजाही, बारिश की आशंका
अक्तूबर के द्वितीय पाक्षिक में गुलाबी सर्दी राजधानीवासियों को सुबह-शाम की ठंड का अहसास कराने लगी है। पिछले एक सप्ताह से दिन में अधिकतम तापमान जहां 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। वहीं, दशहरे के दिन न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नवंबर की शुरूआत में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

5 of 12
उधारी से चल रहा मिड-डे मील - फोटो : अमर उजाला
लापरवाही: छह माह से 12 हजार स्कूलों की करीब 70 करोड़ रुपये की पोषण राशि बकाया, उधारी से चल रहा मिड-डे मील
हरियाणा के करीब 12 हजार प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में बच्चों के मिड-डे मील की केंद्र के हिस्से की राशि अप्रैल से सितंबर तक अटकी हुई है। छह माह से भुगतान नहीं होने के कारण कई स्कूलों में शिक्षक अपनी जेब से खर्च कर रहे हैं जबकि कुछ जगह उधार लेकर व्यवस्था चलानी पड़ रही है। करीब 70 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। नई भुगतान व्यवस्था के तहत स्पर्श पोर्टल सिस्टम लागू होने के चलते राशि फंसी हुई है। योजना के तहत खाद्य सामग्री समेत अन्य खर्चों पर हर माह करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। दाल, मसाले, तेल, सोया चूरा और आटा जैसी सामग्री एग्रो की ओर से उपलब्ध कराई जाती है।  पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

6 of 12
मोरारी बापू - फोटो : अमर उजाला
कन्याकुमारी से जम्मू तक धार्मिक एकता का महाकुंभ: आठ राज्यों से गुजरी मोरारी बापू की स्वस्तिक रामकथा यात्रा
कन्याकुमारी से शुरू हुई मोरारी बापू की स्वस्तिक रामकथा यात्रा मंगलवार को जम्मू पहुंची। दक्षिण से उत्तर भारत तक आठ राज्यों के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों से गुजर रही यात्रा ने देश की विविध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने का संदेश दिया। यात्रा में आदि शंकराचार्य की जन्मस्थली, शक्तिपीठ, श्रीकृष्ण की जन्मभूमि और गुरु परंपरा से जुड़े स्थलों को शामिल किया गया था। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

7 of 12
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विश्व बैंक रिपोर्ट: एआई से नौकरियां नहीं गईं, पर करिअर की पहली सीढ़ी खिसकी; कितनी कंपनियों ने घटाई भर्ती?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) भारत में नौकरियों को निगल नहीं रहा लेकिन कॅरिअर की पहली सीढ़ी को संकरा जरूर कर रहा है। विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट इंडिया डेवलपमेंट अपडेट अक्तूबर 2026 में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 शहरों की 651 आईटी कंपनियों के सर्वे में एआई के कारण कुल रोजगार में कमी नहीं मिली लेकिन 55 फीसदी कंपनियों ने नए कर्मचारियों की भर्ती घटा दी। मध्यम स्तर की भर्ती घटाने वाली कंपनियां 25 फीसदी और वरिष्ठ पदों पर घटाने वाली 14% थीं। पढ़ें पूरी खबर

8 of 12
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फ्रीपिक
शांति प्रस्ताव...: ईरान-अमेरिका में इस हफ्ते सहमति संभव, छह अरब डॉलर के फंड में मिल सकती है रियायत?
ईरान-अमेरिका के बीच शांति प्रस्ताव पर इस हफ्ते सहमति बनने की संभावना है। दरअसल, कतर-पाकिस्तान की मध्यस्थता वाले नए समझौते के प्रस्ताव पर अमेरिका व ईरान दोनों ने कथित तौर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। कतर के सरकारी न्यूज चैनल अल अरबी अल जादीद ने मंगलवार को मध्यस्थता के प्रयासों से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि इस प्रस्ताव में फ्रीज किए गए 6 अरब डॉलर के ईरानी फंड में आंशिक रियायत और ईरान के परमाणु संयंत्रों के गोपनीय निरीक्षण की बात शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने तेहरान की यात्रा के दौरान यह प्रस्ताव ईरानी अधिकारियों के सामने रखा। प्रस्ताव को पहले ही अमेरिकी मंजूरी मिल चुकी है। पढ़ें पूरी खबर

9 of 12
सूडान की जंग - फोटो : Amar Ujala Graphics
अफ्रीका: सूडान और दक्षिण सूडान के बीच विवादित क्षेत्र में ड्रोन हमला, 153 लोगों की मौत; किसने बनाया निशाना?
सूडान और दक्षिण सूडान के बीच विवादित सीमा क्षेत्र अबेई में एक बाजार पर ड्रोन से हमला किया गया। इस हमले में पास में मौजूद एक ईंधन डिपो भी इसकी चपेट में आ गया। इससे 153 लोगों की मौत हो गई। आग भी लग गई, जो मंगलवार तक जल रही थी। एक स्थानीय अधिकारी ने यह जानकारी दी। अबेई प्रशासन के कार्यवाहक सूचना मंत्री योहाना अकोल नगोर ने सोमवार को हुए इस हमले के लिए सूडान की सेना को जिम्मेदार ठहराया। यह हमला अबेई शहर के उत्तर में स्थित अमीट बाजार पर हुआ था। पढ़ें पूरी खबर

10 of 12
शैलेष और प्रियंका गांधी (फाइल) - फोटो : एक्स@ChakurkarPatil- एएनआई
महाराष्ट्र की सियासत: प्रियंका के साथ दिखे शैलेश पाटिल, राजनीतिक वापसी अटकलें; पिता रहे थे केंद्रीय मंत्री
दिवंगत केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल चाकूरकर के बेटे शैलेश पाटिल चाकूरकर की एक तस्वीर ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। यह तस्वीर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मंगलवार को उनके फेसबुक खाते पर साझा की गई थी। इस पोस्ट से शैलेश के सक्रिय राजनीति में लौटने की अटकलें तेज हो गईं। पढ़ें पूरी खबर

11 of 12
सेलेब्स का त्योहार - फोटो : सोशल मीडिया
सेलेब्स का त्योहार: दिल्ली की रामलीला में शामिल हुईं यामी, आलिया-काजोल समेत दुर्गा पूजा में पहुंचे कई सितारे
आज दशहरा का दिन बॉलीवुड सेलेब्स के लिए काफी हलचल भरा रहा। यामी गौतम मंगलवार को दिल्ली में हुई रामलीला में शामिल हुईं। यहां उन्होंने रावण दहन किया। वहीं मुंबई में जूही चावला, काजोल, सोहा अली खान समेत कई सेलेब्स दुर्गा पंडाल में पहुंचे। आइए डालते हैं एक नजर। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

12 of 12
सात्विक-चिराग - फोटो : PTI
फ्रेंच ओपन: अस्मिता और तन्वी अगले दौर में पहुंचीं, सात्विक-चिराग की जोड़ी टूर्नामेंट से बाहर
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों अस्मिता चालिहा और तन्वी शर्मा ने मंगलवार को फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल मुकाबलों में जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली। हालांकि, पुरुष युगल में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को हार का सामना करना पड़ा और वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग की जोड़ी को फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में 21-19, 18-21, 21-13 से हराया। एक घंटे से अधिक समय तक चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने दूसरा गेम जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक गेम में फ्रांसीसी जोड़ी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें