फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुर्खियां: एसआईआर पर विपक्ष की याचिका पर सुनवाई; श्रीनगर में भारी भूस्खलन; दिल्ली के पीजी की होगी सुरक्षा जांच

Thu, 15 Oct 2026 06:10 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
आज बृहस्पतिवार, 15 अक्तूबर 2026 की सुबह देश-दुनिया की बड़ी और हलचल भरी खबरों के साथ आपका अमर उजाला हाजिर है। देश-दुनिया में कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर इंडिया गेट पर प्रदर्शन के बाद उनके माता-पिता को हिरासत में लिया गया। अंकिता के पिता ने न्याय मिलने तक देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट में आज राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं की एसआईआर से जुड़ी याचिका पर सुनवाई होगी। भारत की मतदाता सूची से कथित तौर पर 13 करोड़ नाम हटाए जाने को लेकर अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने भी चिंता जताई है। जम्मू-कश्मीर के उड़ी स्थित राजेरवानी में भारी भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया, जबकि 33 केवी बिजली लाइन टूटने से 50 गांवों में अंधेरा छा गया। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...
 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
इंडिया गठबंधन की याचिका पर सुप्रीम सुनवाई - फोटो : Amar Ujala Graphics
एसआईआर: विपक्ष की याचिका पर सुनवाई आज
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़े पैमाने पर नाम हटाने और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज, 15 अक्तूबर को सुनवाई होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने इस मामले में अदालत का रुख किया है। याचिका में मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र जांच कराने और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की गई है।

सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड की गई 15 अक्तूबर की वाद सूची के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता सोमवार को मार्च करते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे और याचिका दाखिल की थी। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

3 of 11
अंकिता के माता-पिता हिरासत में। - फोटो : वीडियो ग्रैब/आईएएनएस
हिरासत में अंकिता भंडारी के मां-बाप, बाद में छोड़ा
उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर रातभर प्रदर्शन हुआ। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने अंकिता के माता-पिता, विपक्षी नेताओं और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ समय बाद माता-पिता को छोड़ दिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी बेटी को न्याय नहीं मिला, तो देशभर में आंदोलन किया जाएगा। दिल्ली पुलिस की हिरासत में लिए जाने के बाद अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलता, तब तक देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। पढ़ें एक क्लिक पर...

4 of 11
राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध - फोटो : अमर उजाला
श्रीनगर: उड़ी के राजेरवानी में भारी भूस्खलन
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सीमांत सब-डिवीजन उड़ी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते राजेरवानी क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ है। इस आपदा से राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, वहीं 33 केवी विद्युत ट्रांसमिशन लाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के करीब 40 से 50 गांव अंधेरे में डूब गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएचपीसी उड़ी-I के पास एडीआईटी-4 के समीप भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। प्रभावित हिस्से पर लगातार पत्थरों के गिरने से स्थिति काफी जोखिम भरी बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

5 of 11
प्रमीला जयपाल, अमेरिकी सांसद - फोटो : Amar Ujala Graphics
 भारत की मतदाता सूची पर अमेरिकी सांसद की टिप्पणी
भारत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का मुद्दा अब अमेरिका में भी उठा है। भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमीला जयपाल ने मसौदा मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने की खबरों पर चिंता जताई है। उन्होंने भारत में कथित तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करने वाले प्रयासों के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों का समर्थन किया। वॉशिंगटन राज्य से डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद जयपाल ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में अपनी प्रतिक्रिया दी। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

6 of 11
एमसीडी मुख्यालय - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली नगर निगम का फैसला: 2,453 पीजी भवनों की होगी सुरक्षा जांच
राजधानी में हजारों विद्यार्थियों और अन्य लोगों की छत कितनी सुरक्षित है, इसका जवाब अब पीजी संचालकों को 15 दिन में देना होगा। सत्य निकेतन में इमारत ढहने से पांच छात्रों समेत सात लोगों की मौत के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी के 2,453 पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों की सुरक्षा जांच का आदेश दिया है। इन भवनों में 50 हजार से अधिक लोग रहते हैं, लेकिन निगम के पास केवल करीब 30 प्रतिशत संपत्तियों के स्वीकृत भवन नक्शे ही उपलब्ध हैं।

अब पीजी मालिकों को निगम के अधिकृत निजी संरचनात्मक इंजीनियरों से जांच कराकर सुरक्षा प्रमाणपत्र लेना होगा। ऐसा नहीं करने पर परिसर खाली कराने और सील करने की कार्रवाई हो सकती है। एमसीडी के सर्वेक्षण में चार इमारतें ऐसी मिली हैं, जिनकी स्थिति प्रथम दृष्टया खतरनाक प्रतीत होती है। इनके मालिकों को भवन खाली कराने के नोटिस जारी किए गए हैं। अब अन्य पीजी भवनों की भी तकनीकी जांच होगी, ताकि उनकी मजबूती और भूकंप के झटके सहने की क्षमता का आकलन किया जा सके। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

7 of 11
हूती विद्रोहियों के निशाने पर सऊदी अरब-इस्राइल? - फोटो : AI Generated
रिपोर्ट में खुलासा: चीन की मदद से बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की तैयारी में हूती विद्रोही
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोही अपने हथियारों की क्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, समूह चीन से मिले कुछ खास पुर्जों की मदद से उन्नत मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल तैयार करने की कोशिश कर रहा है। इस घटनाक्रम से पश्चिम एशिया में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ सकती हैं। ऐसी मिसाइलें हूतियों की सऊदी अरब और इस्राइल जैसे देशों को निशाना बनाने की क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं। पढ़ें पूरी खबर...

8 of 11
वायु प्रदूषण - फोटो : Adobe Stock
सख्ती: 2029 से बीएस-7 टायरों व ब्रेक तक का प्रदूषण मापा जाएगा
केंद्र सरकार देशभर में अप्रैल, 2029 से चरणबद्ध ढंग से नए भारत स्टेज-7 (बीएस-7) उत्सर्जन मानकों को लागू करने की तैयारी में है। नए मानक वैश्विक स्तर पर लागू यूरो-7 नियमों के अनुकूल होंगे। सड़क परिवहन मंत्रालय ने सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स, 1989 में संशोधन के मसौदे पर लोगों से 30 दिनों में सुझाव मांगे हैं। बीएस-7 में हानिकारक प्रदूषकों पर पहले से ज्यादा सख्त प्रतिबंध लगेंगे। शुरुआत में इन्हें सभी कारों व एसयूवी पर लागू किया जाएगा। 2030 से छोटे मालवाहक वाहनों व अप्रैल 2031 से बसों व भारी वाणिज्यिक वाहनों पर लागू किया जाएगा। दोपहिया के लिए नियमों की घोषणा बाद में होगी। पढ़ें एक क्लिक पर...

9 of 11
स्टारलिंक की पाबंदी से धीमे पड़े ड्रोन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
स्टारलिंक की पाबंदी से धीमे पड़े यूक्रेन के ड्रोन, रूसी हमलों के बीच क्या करेंगे जेलेंस्की?
रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन की सैन्य चुनौतियां बढ़ती नजर आ रही हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स की ओर से स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट टर्मिनलों के इस्तेमाल पर अचानक लगाई गई गति संबंधी पाबंदियों के बाद कुछ यूक्रेनी ड्रोन की रफ्तार कम हो गई है। इससे रूसी हवाई सुरक्षा प्रणालियों के लिए उन्हें निशाना बनाना आसान हो सकता है।

इसी बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि मंगलवार रात रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों के हमले से पहले यूक्रेन को अपने पश्चिमी सहयोगियों से सामान्य रूप से मिलने वाली अग्रिम चेतावनी नहीं मिली। इन घटनाक्रमों ने अमेरिका से मिलने वाली सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी को लेकर यूक्रेन की चिंताएं बढ़ा दी हैं। पढ़ें पूरी खबर...

10 of 11
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : PTI
वेस्टइंडीज से हार के बाद कप्तान श्रेयस का फूटा गुस्सा
वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 24 रन से मिली हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी में खराब लाइन-लेंथ को टीम की नाकामी की बड़ी वजह बताया। मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि भारत की हार की शुरुआत गेंदबाजी से हुई। उनके मुताबिक, टीम सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी नहीं कर पाई, जिससे वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को बड़े स्कोर तक पहुंचने का मौका मिला। अय्यर ने कहा, 'यह सब गेंदबाजी से शुरू हुआ। मुझे लगता है कि हम अपनी लाइन और लेंथ को सही तरीके से लागू नहीं कर पाए। दिन के अंत में जब आप 250 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे होते हैं, तो आपको एक खास पैटर्न के साथ आगे बढ़ना होता है। मुझे लक्ष्य का पीछा करते समय हमारा रवैया पसंद आया, लेकिन हम गेंदबाजी में अपनी योजनाओं को लागू नहीं कर पाए और यहीं हम पिछड़ गए।' पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

11 of 11
बिग बॉस 20 - फोटो : इंस्टाग्राम
बिग बॉस 20: किस बात पर भिड़े आसिफ और लव गिल?
नकुल धुल के हाथापाई मामले को लेकर पूरा घर बंटा हुआ था। इस बीच लव गिल नकुल के पास जाकर उनसे बात करने लगीं। यह देख बाकी घर वालों को अजीब लगा। इस बीच काजी ने आसिफ और गुल्लू के सामने कहा 'लव ऐसा क्यों कर रही है। मेरी समझ के बाहर है।' इस लड़ाई के बाद स्काउट और यंग डीएसए की दोस्ती में भी तकरार देखने को मिली। जहां एक तरफ यंग ने आसिफ का समर्थन किया, तो वहीं दूसरी ओर स्काउट लव का साथ देते नजर आए। यंग ने स्काउट को बताया 'आसिफ भाई ने इसको बोला कि लव ये गलत है।' इस पूरे मामले पर दोनों के बीच हंगामा देखने को मिलता है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें