फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: महंगा हुआ घरेलू सिलिंडर, भारत में घटती जन्म दर पर एलन मस्क ने जताई चिंता; मानसून की चाल से बदला मौसम

Sun, 07 Jun 2026 06:14 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
आज की बड़ी खबरों में देशभर में घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम 29 रुपये बढ़ने से रसोई का बजट एक बार फिर दबाव में आ गया है, जिससे आम परिवारों की चिंता बढ़ गई है। वहीं मानसून की बदलती चाल ने मौसम को पूरी तरह मिला-जुला बना दिया है कहीं बादल झमाझम बरस रहे हैं तो कहीं तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, हालांकि दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश के आसार राहत की उम्मीद जगा रहे हैं। पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री की तीसरी बार तेहरान यात्रा शांति वार्ता की कोशिशों को आगे बढ़ाती नजर आ रही है। इसके साथ ही भारत में घटती जन्म दर पर एलन मस्क की चिंता ने जनसंख्या संतुलन और भविष्य की सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों को लेकर एक नई बहस को जन्म दे दिया है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
 
विज्ञापन

2 of 11
आज से महंगा हुआ LPG सिलिंडर - फोटो : Amar Ujala Graphics
महंगा हुआ घरेलू सिलिंडर
आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून यानी आज से लागू हो गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो जाएगी। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। पढ़ें पूरी खबर...
 
विज्ञापन

3 of 11
आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बारिश के आसार
दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के साथ देश का मौसम अब स्पष्ट रूप से दो अलग तस्वीरें पेश कर रहा है। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्से मूसलाधार बारिश की चपेट में हैं, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में गर्मी अभी भी अपना प्रभाव बनाए हुए है। हालांकि, रविवार से उत्तर भारत के पहाड़ी से लेकर मैदानी राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। पढ़ें एक क्लिक पर...

4 of 11
मोहसिन नकवी फिर पहुंचे ईरान। - फोटो : Amar Ujala Graphics
PAK के गृह मंत्री तीसरी बार पहुंचे तेहरान
पश्चिम एशिया में बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर कूटनीतिक पहल तेज कर दी है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी शनिवार को तीसरी बार ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र में शांति बहाली को लेकर महत्वपूर्ण वार्ताएं कीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहसिन नकवी का यह पिछले कुछ हफ्तों में ईरान का तीसरा दौरा है। पाकिस्तान इस समय दोनों देशों के बीच संवाद स्थापित करने और तनाव कम करने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पढ़ें पूरी खबर...


 
विज्ञापन

5 of 11
सेना के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय भी तेजी से तैयारी में जुटा हुआ है। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
मौसम लेगा अमरनाथ श्रद्धालुओं की परीक्षा
अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होने जा रही है। दुर्गम मानी जाने वाली इस यात्रा के दौरान इस बार मौसम भी श्रद्धालुओं की परीक्षा लेगा। विशेषज्ञों के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूर्वी हिस्से में मानसूनी बारिश के सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। इसी के मद्देनजर यात्रा मार्ग पर तैयारी की जा रही है। सेना के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय भी तेजी से तैयारी में जुटा हुआ है। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

6 of 11
एलन मस्क, टेस्ला और एक्स के मालिक - फोटो : Amar Ujala Graphics
भारत में घटती जन्म दर पर एलन मस्क ने जताई चिंता
टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने भारत की घटती जन्म दर को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि भारत की जन्म दर अब रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे पहुंच चुकी है, जो लंबे समय में जनसंख्या संरचना पर बड़ा प्रभाव डाल सकती है। एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट को साझा करते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत की जन्म दर कई साल पहले ही शिक्षित वर्ग में रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे आ चुकी है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

7 of 11
बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी - फोटो : पीटीआई
धार्मिक स्थलों का कायाकल्प करेगी शुभेंदु सरकार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि राज्य की भाजपा सरकार दक्षिणेश्वर और कालीघाट मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं को बेहतर करने के लिए बड़े विकास कार्य शुरू करेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी श्रावणी मेले के लिए तारकेश्वर में भव्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। 'सनातन चेतना का उत्सव और बंगभूमि में रामराज्य के जागरण' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। पढ़ें एक क्लिक पर...

8 of 11
पुलिस के मुताबिक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान 2000 से भी कम लोग जुटे। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सोशल मीडिया ने जगाई उम्मीद, भीड़ ने तोड़ा भ्रम
सोशल मीडिया पर लाइक, शेयर और करोड़ों फॉलोअर्स के दम पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर के प्रदर्शन को युवाओं के बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदलने की उम्मीद जगाई थी। प्रदर्शन से पहले इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर अभियान ने जबरदस्त चर्चा बटोरी, लेकिन शनिवार को धरना स्थल पर जुटी भीड़ ने डिजिटल लोकप्रियता और जमीनी संगठन के बीच मौजूद बड़े अंतर को उजागर कर दिया। पार्टी के इंस्टाग्राम पर 22.2 मिलियन यानी 2.22 करोड़ फॉलोअर्स और एक्स प्लेटफॉर्म पर 266.9 के यानी 2 लाख 66 हजार 9 सौ फॉलोअर्स है। पुलिस के मुताबिक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान 2000 से भी कम लोग जुटे। पढ़ें एक क्लिक पर...

9 of 11
ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी - फोटो : एएनआई
दिल्ली पहुंचे अभिषेक: TMC सांसदों की बगावत रोकने की चुनौती
पश्चिम बंगाल में विधानसभा के बाद अब तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल में संभावित टूट की अटकलों ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच पार्टी के संसदीय दल के नेता और महासचिव अभिषेक बनर्जी तय कार्यक्रम से एक दिन पहले शनिवार को दिल्ली पहुंच गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला ममता बनर्जी के निर्देश पर लिया गया। बता दें कि 8 जून को दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक प्रस्तावित है। इसी दिन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए तलब किया है। पढ़ें पूरी खबर... 

10 of 11
भारतीय टीम में बदलावों की कहानी - फोटो : ANI/BCCI/ICC-AI
किस आधार पर बनी भारत की नई टी20 टीम?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम का एलान कर दिया है। इसके साथ ही एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम घोषित की गई है। सबसे बड़ा बदलाव कप्तानी में देखने को मिला है। श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पहली बार सीनियर टीम में शामिल हुए हैं। दूसरी तरफ सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि चयनकर्ताओं ने इतने बड़े बदलाव क्यों किए? आइए सवाल-जवाब के जरिए पूरी तस्वीर समझते हैं...
विज्ञापन

11 of 11
पेद्दी - फोटो : अमर उजाला
तीसरे दिन 100 करोड़ पार हुई 'पेद्दी'
राम चरण की अदाकारी वाली फिल्म 'पेद्दी' की रिलीज का आज तीसरा दिन है। रिलीज के बाद से ही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इसका असर बॉक्स ऑफिस पर भी देखने को मिल रहा है। तीन दिनों में ही यह 100 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। शनिवार को इस फिल्म को वीकएंड का फायदा मिलता हुआ दिख रहा है। पढ़ें एक क्लिक पर...
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें