मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं मंगलवार को पुलिस को चकमा देकर गलियों से होते हुए हरियाणा के सिरसा में बिजली मंत्री रणजीत सिंह के आवास के समक्ष तक पहुंच गईं। यह देखकर पुलिस कर्मचारियों होश फाख्ता हो गए। अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए डीएसपी समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने भागकर बिजली मंत्री आवास के बाहर सुरक्षा कवच बनाया और कायकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान भगदड़ में कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चोटें भी आईं। कार्यकर्ताओं का आरोप है उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे उन्हें चोटें लगीं। शाम चार बजे तक कार्यकर्ताओं ने मंत्री के आवास के बाहर धरना दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम जयवीर यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।
मांगों के निस्तारण के लिए लघु सचिवालय के बाहर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। दोपहर एक बजे के बाद कार्यकर्ता व सहायिकाएं धरनास्थल से बरनाला रोड की ओर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के आवास की ओर रवाना हुईं। कार्यकर्ताओं को भूमण शाह चौक की ओर आते देखकर पुलिस कर्मचारियों ने रास्ते पर बैरिकेडिंग कर दी। यह देखकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं नारेबाजी करते हुए विधायक गोपाल कांडा के घर का घेराव करने की बात कहते हुए आगे बढ़ गईं। इसके बाद अचानक से सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता साथ लगती गली से भागकर बिजली मंत्री के आवास के सामने पहुंच गईं।