सोनाली फोगाट मर्डर केस के आरोपी सुधीर सांगवान ने किराए का मकान छोड़ने के बाद भी उसी पते पर पासपोर्ट बनवाया था। हरियाणा के रोहतक में पहुंची गोवा पुलिस की पूछताछ में मकान मालिक ने इसका खुलासा किया। हालांकि गोवा पुलिस की ओर से किराए का एग्रीमेंट मांगने पर मकान मालिक नहीं दे सके। उनका कहना था कि अब याद नहीं कि उन्होंने किराये का एग्रीमेंट कराया था या नहीं।
हिसार में कई दिनों तक जांच पड़ताल के बाद शनिवार की रात गोवा पुलिस की टीम रोहतक पहुंची थी। इस दौरान गोवा पुलिस सबसे पहले सेक्टर-2 के उस मकान पर पहुंची, जहां सुधीर सांगवान 2016 में किराये पर रहता था और उसी पते का पासपोर्ट बनवाया था। इससे पहले गोवा पुलिस ने सुधीर सांगवान का पासपोर्ट बरामद कर लिया था, जिस पर यहां का पता दर्ज था।
पासपोर्ट पर अक्तूबर 2016 की तिथि अंकित है, जबकि मकान मालिक के अनुसार इससे पहले ही उसने सुधीर सांगवान से मकान खाली करा लिया था। मौके पर मकान मालिक के नहीं मिलने पर पड़ोसी ने फोन पर गोवा पुलिस की बात कराई। इस दौरान पता चला कि मकान मालिक हरिद्वार में हैं।
फोन पर करीब 15 मिनट की बातचीत के दौरान उन्होंने गोवा पुलिस को आवश्यक जानकारी दी, लेकिन पुलिस की ओर से किराएनामे का एग्रीमेंट मांगने उन्होंने कहा कि 2016 में पांच से छह माह तक मकान किराये पर दिया था। अब याद नहीं, कोई एग्रीमेंट बनाया गया था या नहीं। उन्होंने बताया कि मकान खाली कराने के बाद उनका सुधीर सांगवान से कोई संपर्क नहीं रहा। इसके बाद गोवा पुलिस वापस चली गई।