फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुखद: पत्नी-बच्चों की हत्या कर की आत्महत्या, लिखा- सोनिया बहुत बढ़िया थी, मेरी किस्मत से यह मिली, पर मैं...

Wed, 25 Jan 2023 09:01 AM IST
भूपेंद्र सिंह विजेंद्र कौशिक/विकास सैनी, अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)
विज्ञापन
1 of 9
बेटी युविका और बेटा अंश, विनोद और पत्नी सोनिया File Photo - फोटो : अमर उजाला
रोहतक शहर के बर्सी नगर में मंगलवार को एक आरएमपी (रजिटर्ड मेडिकल प्रैक्टिसनर) डॉक्टर विनोद (38) ने अपनी शिक्षक पत्नी सोनिया (30), बेटी अंशिका (8) व बेटे अंश (6) की गला काटकर हत्या कर दी। साथ ही खुद जान दे दी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें विनोद लिखा है कि मैं जिंदगी से परेशान था।

वहीं घर से मिली शराब की खाली बोतल, सब्जी काटने वाला चाकू व खाली सीरिंज व नींद की गोलियां भी पुलिस ने कब्जे में ली है। एसपी उदय सिंह मीना का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह के चलते विनोद द्वारा पत्नी व बच्चों की हत्या कर सुसाइड करने की बात सामने आ रही है। बाकी पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद वारदात के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
विज्ञापन

2 of 9
रोहतक के एक मकान में चार शव मिले। - फोटो : अमर उजाला
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देशराज ने बताया कि कि जींद जिले के गांव किलाजफरगढ़ निवासी सोनू उर्फ विक्रम ने बताया कि पूरा दिन उसका भाई विनोद, भाभी सोनिया व बच्चे दिखाई नहीं दिए। वह विनोद के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जब कोई आवाज नहीं आई तो दरवाजा की कुंडी तोड़कर खोला। अंदर एक कमरे में सोनिया, अंशिका व अंश के गले कटे शव पड़े थे, जबकि दूसरे कमरे में विनोद का शव पड़ा था।
विज्ञापन

3 of 9
सूचना के बाद घर के बाहर जमा लोग। - फोटो : अमर उजाला
करीब सवा पांच बजे सूचना पाकर डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रवींद्र कुमार खुद वहां पहुंचे व घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस को मौके से एक चाकू, शराब की बोतल, नींद की गोलियां, सीरिंज व अन्य सामान बरामद हुआ। एफएसएल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया ने मौके पर पहुंच कर तथ्य जुटाने का प्रयास किया। वहां मौजूद सभी चीजों व अन्य जगहों से फिंगर प्रिंट जुटाए। शराब की बोतल व सामान को सील किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई पहुंचा दिया है। बुधवार सुबह परिजनों के बयान के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल परिवार कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। किसी से बात करने से साफ इन्कार किया है।

डिक्लोफेनक सोडियम के पांच इंजेक्शन मिले, दो तीन भरे

4 of 9
शव के पास टेबल पर रखी शराब की बोतल, सिगरेट, सीरिंज व दवा और रस्सी। - फोटो : अमर उजाला
पुलिस को मौके पर डिक्लोफेनक सोडियम के तीन इंजेक्शन भरे व दो खाली मिले हैं। आशंका है कि डॉक्टर ने ये इंजेक्शन बच्चों को लगाए हैं या खाने में मिलाई है। पुलिस ने इंजेक्शन कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब में भेजे हैं।
विज्ञापन

तीन पेज का मिला सुसाइड नोट

5 of 9
मौके पर मिले सुसाइड नोट। - फोटो : अमर उजाला
पुलिस मौके से तीन पेज का एक सुसाइड नोट बरामद किया। जल्दबाजी में लिखे सुसाइड नोट में इतना लिखा है कि सोनिया बहुत बढि़या थी। मेरी किस्मत से यह मिली पर मैं इसके लायक नहीं था। मैं मेरी जिंदगी से परेशान था, इसलिए मरा हूं और फैमिली को मारा। कोई किसी का नहीं, ये मैंने देख लिया। आगे लिखा है कि विकास के पास एलआईसी है। साथ में डाकखाने की कॉपी का भी जिक्र किया है। 

पुलिस को एक घर में चार शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। प्रथम दृष्टया में मामला पत्नी व बच्चों की हत्या के बाद आरएमपी के आत्महत्या करने का नजर आ रहा है। मौके से मिले सुसाइड नोट में भी आरएमपी ने खुद को जिम्मेदार ठहराते हुए वारदात को अंजाम देने की बात कही है। फिलहाल कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना मुश्किल है। सुसाइड नोट की लिखावट मिलान के लिए भेजी जाएगी। मौके से लिए सैंपल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कुछ कहा जा सकता है। परिवार ने आरएमपी को मानसिक रूप से परेशान बताया है। - उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक
विज्ञापन

पहले पत्नी का गला काटा, बेटे व बेटी को मारा, फिर खुद फंदा लगाने की कोशिश की

6 of 9
छत से लटकी रस्सी की जांच करती एफएसफ की डॉ सरोज दहिया और पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के रोहतक के बर्सी नगर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में दर्दनाक कहानी सामने आ रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच व घटनास्थल पर मिले तथ्यों को देखकर माना जा रहा है कि मानसिक तौर पर परेशान डॉक्टर विनोद ने पहले पत्नी सोनिया का गला काटा है, फिर दोनों बच्चों की हत्या की। इसके बाद खुद मौत को गले लगा लिया। विनोद की मौत जहरीली दवा लेने या खाने से हुई, यह बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पता लग सकेगा। क्योंकि विनोद के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है।
विज्ञापन

7 of 9
हत्या की सूचना के बाद घर में बैठे गमजदा परिवार के सदस्य। - फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक सवा पांच बजे सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर विनोद की पत्नी सोनिया का शव बेड पर पड़ा था। शरीर पर उसके आधा कंबल पड़ा था। लग रहा था कि सोनिया का गला उस समय काटा गया, जब वह गहरी नींद सो रही थी। मां के बेड पर ही बेटे अंश का शव पड़ा था। उसका भी गला कटा हुआ था। साथ रखे छोटे बेड पर अंशिका का शव पड़ा था। उसका चेहरा मां की तरफ था और गला कटा हुआ था। दूसरे कमरे में विनोद का शव सोफे पर पड़ा था। सामने मेज के ऊपर एक शराब की बोतल रखी थी, जिसमें थोड़ी शराब बची थी। पास में स्टील का गिलास रखा था। इसके अलावा मोबाइल फोन व सीरिंज भी मेज पर पड़ी थी।

गैलरी के पास फंदा नहीं लगा सका तो वापस आ गया कमरे में

8 of 9
सूचना के बाद घटना स्थल की जांच करती एफएसएल की डॉ सरोज दहिया। - फोटो : अमर उजाला
घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस का अनुमान है कि पत्नी, बेटे व बेटी की हत्या कर विनोद साइड वाले कमरे में आया। उसने सुसाइड नोट लिखा। हत्या से पहले व बाद में शराब पी और बाथरूम के नजदीक गैलरी में रस्सी डालकर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद वापस कमरे में आया। अनुमान है कि ऐसी दवा का इंजेक्शन खुद को लगाया और जिससे शराब पीने के बाद शरीर में रिएक्शन हो। उसी से मौत की आशंका है।

सब्जी काटने वाले चाकू पर मिला खून
जांच से लग रहा है कि डॉक्टर विनोद ने पत्नी व बच्चों की हत्या सब्जी काटने वाले चाकू से की है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को चाकू तो मिल गया, लेकिन उस पर खून नहीं दिखाई दे रहा था। गहराई से जांच की गई तो खून लगा मिला।

प्रारंभिक जांच से लग रहा है कि घरेलू कलह के चलते डॉक्टर विनोद ने पत्नी व बच्चों की हत्या कर खुद आत्महत्या की है। बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पत्नी, बेटे व बेटी की हत्या गला काटने से लग रही है, लेकिन डॉक्टर विनोद के शरीर पर चोट का निशान नहीं है। ऐसे में शवों का पोस्टमार्टम बोर्ड से कराने का निर्णय लिया है। - देशराज, थाना सिटी प्रभारी
विज्ञापन

धरी रह गई गुलगुले, पूड़ी व आलू की सब्जी से सजी थाली

9 of 9
लॉबी में चौकी पर सजी खाने की थाली। - फोटो : अमर उजाला
रसोई के बाहर छोटी सी लॉबी में चौकी पर गुलगुले, पूड़ी व आलू की सब्जी से सजी खाने की थाली धरी रह गई। थाली में रखो नौ गुलगुले व छह पूड़ियों में से एक-एक कौर ही लिया गया था। इसके बाद शायद डॉक्टर के गले से निवाला नहीं उतरा। शायद वह अपनी मानसिक स्थिति से इतना आहत था कि खाना तक नहीं खा सका। यही नहीं, उसने पत्नी व बच्चों को सोमवार रात ही मार डाला। कमरे में जमा खून भी यही बया कर रहा है। इसके बाद खुद उसने अत्यधिक शराब पी और सीरिंज में भरकर कोई दवा प्रयोग की। यही वजह रही कि वह भी जीवित नहीं रहा। पुलिस की प्राथमिक जांच में यही सामने आया है।

बर्सी नगर में विनोद के घर सोमवार शाम क्या हुआ, यह तो कोई नहीं जानता, मगर घर में आलू की सब्जी, पूड़ी व गुलगुले बने थे। खाने से सजी थाली परोसी भी गई। यह थाली अपने आप में कई सवाल खड़े कर रही है। पहला तो गुलगुले, पूड़ी बनाना और दूसरा इसे न खाना। थाली के पास ही पुलिस को खून के निशान भी मिले हैं। यह भी अपनी अलग कहानी कह रही थी। पुलिस को अब इन सवालों के जवाब की तलाश है। इनमें ही कहीं न कहीं इस घटना से जुड़े तथ्य उजागर हो सकते हैं।

दूध वाले ने घंटी बजाई, 10 कॉल भी की
मंगलवार सुबह विनोद के घर दूध वाला आया। उसने दरवाजे की घंटी बजाई, मगर कोई जवाब नहीं आया। उसने एक बार नहीं कई बार घंटी बजाई। आवाज भी लगाई। इसके बावजूद न कोई बाहर आया न जवाब मिला। इसके बाद वह चला गया। यही नहीं, विनोद की पत्नी सोनिया की छोटी बहन एवं देवरानी ने भी घर पर संपर्क किया था। उसे भी किसी से जवाब नहीं मिला। इसके चलते उसने अपने पति एवं विनोद के छोटे भाई सोनू उर्फ विक्रम को फोन किया। सोनू शाम को घर आया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। वह बड़ी मुश्किल से दरवाजे खोलकर सबसे पहले घर में दाखिल हुआ।

एक दिन पहले मिलाया था अंश से पार्क में हाथ
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। छह साल के एक बच्चे ने बताया कि उसे अंश पार्क में सोमवार दोपहर मिला था। दोनों ने हाथ भी मिलाया था। वहीं महिला ने बताया कि परिवार शरीफ था, लेकिन ज्यादा किसी से मेलजोल नहीं रखता था। बच्चे पार्क में जरूर खेलते रहते थे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें